देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मानसून की दस्तक, कई राज्यों के लिए राहत लेकर आ रही है। लू के थपेड़े कम हो सकते हैं और मौसम में ठंड हवाएं एक बार फिर आपको राहत देने के लिए आ रहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 6-7 दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की चेतावनी भी दी है। सबसे ज्यादा असर उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत पर पड़ेगा।
कुछ राज्य ऐसे भी रहेंगे, जहां लू पड़ेगा। लोगों को धूप में निकलना भारी पड़ सकता है। इन राज्यों में महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे तटीय राज्य भी हैं। बारिश तो होगी लेकिन लोगों पर भारी पड़ सकती है। कई जगहों पर लू चलेगी। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की दस्तक, राज्यों का माहौल बिगाड़ने वाला है।
यह भी पढ़ें: आपकी ये 3 आदतें गर्मी में आंखों के लिए है खतरनाक
किन राज्यों में होगी झमाझम बारिश?
अगले एक हफ्ते तक सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की उम्मीद है।
कौन सा राज्य लू से होगा प्रभावित?
मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ इलाकों में अगले 3-4 दिनों तक हीट वेव चलने वाली है। दिन का तापमान काफी ज्यादा रहने वाला है, इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचकर रहने और खूब पानी पीने की सलाह दी है।
मॉनसून कहां तक पहुंचा?
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 4-5 दिनों में महाराष्ट्र के और हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मॉनसून पहुंचने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: गर्मी में कंफर्ट और स्टाइल के लिए पहनें ये मैक्सी ड्रेस, बार-बार देखेंगे लोग
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 14 जून की शाम या रात को हल्की बारिश, गरज-चमक और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिन का तापमान 38-42 डिग्री के आसपास रहने वाला है। 17 जून तक गर्मी बढ़ने की संभावना है।
दूसरे राज्यों में बारिश का हाल क्या है?
हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वी राजस्थान में छिटपुट बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चलेंगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश के साथ आंधी की संभावना है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में अच्छी बारिश जारी रहेगी। गुजरात, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में भी छिटपुट बारिश और गरज-चमक वाले बादल रहेंगे।
यह भी पढ़ें: गर्मी में त्वचा को ठंडक देती हैं ये 5 चीजें, मुंहासे की समस्या होगी दूर
किसे सतर्क रहने की जरूरत है?
मौसम विभाग ने 14 से 19 जून तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठने वाली हैं। मछुआरों को इन इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने सलाह दी है कि भारी बारिश वाले इलाकों में पानी भराव, फसल को नुकसान और छोटे भूस्खलन की आशंका है।
लू वाले क्षेत्रों में बाहर निकलते समय छाता, पानी और ORS साथ रखें। मौसम विभाग ने कहा है कि आंधी और गरज-चमक के समय खुली जगहों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। मौसम विभाग ने कहा है कि आगे की भविष्यवाणी में बदलाव हो सकता है, इसलिए नियमित अपडेट चेक करते रहें।
