लोकसभा में बुधवार को विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी की वजह से सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रस्तावित जवाब टल गया। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन 10 मिनट के भीतर ही विपक्षी सांसदों के विरोध के कारण स्थगित हो गई। दोपहर 12 बजे फिर से शुरू होने के बाद भी सदन में हंगामा जारी रहा और सदन फिर स्थगित हुआ।
शाम 5 बजे जब सदन दोबारा शुरू हुआ, तब भारतीय जनता पार्टी की सांसद संध्या राय पीठासीन थीं। उन्होंने बीजेपी नेता पीपी चौधरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन उस समय पीएम मोदी सदन में मौजूद नहीं थे। पीपी चौधरी ने जैसे ही बोलना शुरू किया, विपक्षी सांसद सदन के वेल में उतर आए।
यह भी पढ़ें: US-इंडिया ट्रेड एग्रीमेंट की कमान किसने संभाली? जयशंकर ने अमेरिका में बताया
महिला सांसदों ने घेर ली पीएम की सीट
विपक्ष की महिला सांसदों के हाथों में बैनर था, वे इसे लेकर प्रधानमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ने लगीं। सांसद ट्रेजरी बेंच तक पहुंच गईं। वे अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरावणे की अप्रकाशित किताब पर आपत्ति जता रही थीं। महिला सांसदों ने पीएम की कुर्सी के आसपास घेराव किया और बैनर लहराए। इस हंगामे के बीच अध्यक्ष ने सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया।
क्यों हो रहा है संसद में हंगामा?
सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व सैन्य प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' का हवाला देकर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने इसका विरोध किया था। मंगलवार को इतना हंगामा हुआ विपक्ष के 8 सासंद निलंबित हो गए। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर कहा कि पीएम मोदी सदन में नहीं आएंगे क्योंकि वे सच्चाई का सामना करने से डरते हैं। सदन के बाहर उन्होंने कहा कि अगर पीएम मोदी आए तो वे खुद किताब सौंपेंगे।
यह भी पढ़ें: राहुल ने 'गद्दार' कहा, रवनीत बिट्टू ने मुंह पर बोल दिया 'देश के दुश्मन'
क्या कह रहा है विपक्ष?
विपक्षी सांसदों ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते और जनरल नरावणे की किताब में 2020 के भारत-चीन गतिरोध को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछे हैं। विपक्ष का कहना है कि पूर्व सेना प्रमुख रक्षा मंत्री और मोदी सरकार से बार-बार पूछते रहे कि चीन के बढ़ते सैन्य काफिले के खिलाफ क्या कदम उठाने हैं, केंद्र ने उन्हीं पर फैसले का अधिकार छोड़ दिया। उन्होंने लिखा कि वह अकेला महसूस कर रहे थे।
निशिकांत दुबे के बयान पर बवाल
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने गांधी परिवार पर कई ऐसे बयान दिए, जिस पर विपक्षी सांसद भड़क गए। पीएम मोदी अब गुरुवार को राज्यसभा में अपनी बात रख सकते हैं। वहां धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस बिना रुकावट के हुई। लोकसभा में गुरुवार को यूनियन बजट पर चर्चा का कार्यक्रम है, लेकिन विपक्ष के जारी विरोध की वजह से तस्वीर साफ नहीं है।
