दिल्ली के शादरा जिले के सीमापुरी इलाके में शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने ऐसा कदम उठाया कि अपने साथ-साथ लड़की की जान को भी खतरे में डाल दिया। एक युवक ने एक युवती को चाकू मारकर उसे घायल कर दिया। पीड़ित युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने अपने घर में सिलेंडर में आग लगाकर धमाका कर दिया। इस धमाके में युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौत हो गई।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीमापुरी थाने में शाम 5 बजकर 33 मिनट पर एक पीसीआर कॉल पर जानकारी दी गई कि पुरानी सीमापुरी की रविदास वाली गली में एक लड़की को चाकू मारा गया है। हमले में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: शिमला-कश्मीर से दिल्ली तक आज बारिश का अलर्ट, जानिए आपके यहां कैसा रहेगा मौसम
युवक की मौत
लड़की पर हमले की खबर के कुछ समय बाद पुलिस को इसी इलाके में एक और घटना की सूचना मिली। पुलिस अधिकारी के अनुसार, लड़की पर हमके के बाद न्यू सीमापुरी के एक घर में सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां उन्हें एक लाश मिली। पुलिस ने मृतक की पहचान जतिन के रूप में की है जिसकी उम्र 24 साल बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, 'घटना के समय वह घर में अकेला था। उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आपस में जुड़ी दोनों घटनाएं
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब दोनों मामलों की जांच हुई तो पता चला कि दोनों मामले एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, जतिन ही वह व्यक्ति था जिसने लड़की पर चाकू से हमला किया था। अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीमों ने दोनों जगहों पर जांच के लिए भेज दिया गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर में विस्फोट जानबूझकर किया गया है या फिर यह अचानक हुई घटना है।
यह भी पढ़ें: काबुल से कारगिल तक हिली धरती, अफगानिस्तान में भूकंप से 8 की मौत
जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में कथित तौर पर मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी आर पी मीणा ने कहा कि पीड़िता के बयान के बाद मामला साफ हो जाएगा। फिलहाल पीड़िता गंभीर हालत में है और बयान देने की स्थिति में नहीं है। घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता के परिवार वालों से पूछताछ की और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की छानबीन की है। पुलिस अभी दोनों परिवारों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।
