निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। आम चर्चा से लेकर इंटरनेट और सोशल मीडिया की दुनिया तक हर तरफ इस फिल्म की चर्चा हो रही है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह से एक जासूस पाकिस्तान में जाकर उनकी साजिशों पर पानी फेरता है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह पाकिस्तान हजारों करोड़ रुपये फर्जी करेंसी भेजकर भारत में आतंकवाद को पालना चाहता है। फिल्म में दिखाया गया यह फर्जी नोटों का तथ्य कितना सही है और गलत इस बारें में तो दावा नहीं किया जा सकता लेकिन समय-समय पर पाकिस्तान की ओर से फर्जी करेंसी भेजने की साजिशें नाकाम करने की जानकारी जरूर मिलती है। 

 

ताजा मामला पाकिस्तान बॉर्डर से सटे पंजाब के अमृतसर का है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अमृतसर में फर्जी करेंसी नोटों की एक बड़ी खेप पकड़ी है। गश्त के दौरान बीएसएफ जवानों को एक संदिग्ध पीला पैकेट मिला, जिसमें भारी मात्रा में नकली नोट थे। पैकेट खोलने पर उसमें 500 रुपये के कुल 445 जाली नोट पाए गए, जिनकी कुल कीमत 2,22,500 रुपये है। शरुआती जांच में शक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI पर गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन गतिविधियों का उद्देश्य भारत की अर्थव्यवस्था को अस्थिर करना है।

 

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम वाले प्रेमी को छोड़ बच्चों के लिए लौटी मां, UP में अनोखी घर वापसी

पहले भी कई बार पकड़ी गई पाक की नापाक हरकत 

पाकिस्तान भारत में आर्थिक अस्थिरता लाने और अशांति फैलाने के लिए लगातार कुछ ना कुछ करता रहता है और भारत की सुरक्षा एजेंसी इनकी इन नापाक हरकतों का जवाब देती रहती हैं। पाकिस्तान भारत के बॉर्डर से सटे इलाकों में ड्रग्स, हथियार और विस्फोटक सामग्री की सप्लाई करने की कोशिश करता रहता है और कई बार सुरक्षा जांच में ऐसे खुलासे भी हुए हैं। 

नोटबंदी के तीन महीने बाद ही भेजे थे नोट

द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, नोटबंदी के मात्र तीन महीने बाद ही पश्चिम बंगाल के मालदा में एक व्यक्ति को 2,000 रुपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया था। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने खुलासा किया कि नकली नोट पाकिस्तान में छापे गए थे और इसमें ISI ने मदद की थी। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि नए नोट की 17 सुरक्षा विशेषताओं में से 11 की नकल की गई थी। 

सरकार ने पकड़े 2.17 लाख नकली नोट

बीते साल सरकार ने संसद में जानकारी दी है कि 2024-25 वित्त वर्ष के दौरान अलग-अलग वैल्यू के 2.17 लाख नकली नोट पकड़े गए और 2023-24 वित्त वर्ष में 2.23 लाख नोट बरामद किए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 1,17,722 नोट 500 रुपये के थे जो 2024-25 में पकडे़ गए थे। सरकार ने संसद में बताया कि 100 रुपये के 51,069 नोट और 200 रुपये के 32,660 नोट पकड़े गए हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'कई महीनों तक बार-बार दिए ऑडिशन', धुरंधर में ऐसे मिला था बिमल को 'शिरानी' का रोल

नेपाल के जरिए भारत में सप्लाई

पाकिस्तान अपने यहां जाली भारतीय नोट छापता है और उसकी खेप दुबई, बैंकॉक, श्रीलंका और नेपाल के रास्तों से भारत भेजने की जुगत में रहता है। नेपाल के जरिए भारत में फर्जी नोटों की सप्लाई बहुत आम हो गई है। करीब एक महीने पहले ही बिहार पुलिस ने  जाली नोट के सरगना अबुल इनाम उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया है। अबुल इनाम पाकिस्तान में छपे जाली नोटों को नेपाल के रास्ते भारत में पहुंचाने और बाजार में पहुंचाता था। 

 

नेपाल के रास्ते पर सख्ती होने के बाद फर्जी नोट पहुंचाने वाले गिरोह बांग्लादेश के जरिए भारत में फर्जी नोट पहुंचाने की कोशिश में रहते हैं। बांग्लादेश से मालदा के रास्ते जाली नोट भारत आते हैं और ट्रेन के जरिए देशभर में पहुंचाए जाते हैं।