पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दो नए पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से 5 और 6 फरवरी के साथ-साथ 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की बहुत संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में जहां बर्फ गिरेगी, वहीं निचले इलाकों में बारिश के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है।
वहीं, मैदानी इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में 6 फरवरी तक सुबह और रात के समय विजिबिलिटी काफी कम रहने वाली है। खास तौर पर उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा इतना घना है कि 50 मीटर से भी कम दूरी का देख पाना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: रूस से तेल खरीदेंगे या नहीं, ट्रंप के दावे पर भारत ने बता दिया प्लान
हवाओं की रफ्तार और तापमान
उत्तराखंड के कुछ इलाकों में जमीन पर पाला पड़ने की भी खबरें हैं, जिससे फसलों और आम जनजीवन पर असर पड़ रहा है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों तक उत्तर-पश्चिम भारत में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा लेकिन उसके बाद पारा 2 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि, कुछ दिनों बाद तापमान में फिर से 2-4 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़त देखने को मिलेगी।
देश के अन्य हिस्सों की स्थिति
अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद मौसम स्थिर रहेगा। महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों तक तापमान सामान्य रहेगा लेकिन उसके बाद के तीन दिनों में पारा 2-3 डिग्री नीचे जा सकता है। अगले एक हफ्ते तक गुजरात और मध्य भारत के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: राजा, घुसपैठिए, ट्रेड डील..., राज्यसभा में पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि 7 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश और आसपास के इलाकों में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, इसलिए वाहन चलाते समय और यात्रा करते समय सावधानी बरतें।
