देश में अब मौसम का मिजाज बदल रहा है। अप्रैल में भी हल्की ठंड लग रही थी लेकिन अब मौसम बदल गया है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं उत्तर पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में बारिश दस्तक दे सकती है। सिक्किम और अरुणाचल जैसे राज्यों में भी बारिश के आसार हैं। दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जैसे शहरों में तेज गर्मी पड़ रही है।
उत्तर भारत में अब सिर्फ पंखे से राहत नहीं मिलने वाली है। एसी और कूलर की जरूरत पड़ सकती है। दिन बेहद गर्म हो रहे हैं, गर्म हवाएं भी चल रहीं है। मौसम में अभी राहत की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। वहीं पूर्वोत्तर में थोड़ी राहत की उम्मीद मौसम विभाग जता रहा है।
यह भी पढ़ें: बारिश देख ली? अब गर्मी का आया सितम, इन राज्यों में चलेगी लू
किन राज्यों में होगी झमाझम बारिश?
मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि उत्तर-पूर्व भारत में मौसम तेजी से बदल सकता है। सिक्किम में छिटपुट भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। 15 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में भी ऐसी ही भारी बारिश हो सकती है। 18 अप्रैल को असम, मेघालय और नागालैंड में छिटपुट भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में 14 से 18 अप्रैल तक गरज, बिजली और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
महाराष्ट्र और ओडिशा में कैसा रहेगा मौसम?
पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के अकोला में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विदर्भ, मराठवाड़ा और ओडिशा के कई जगहों पर तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहा। अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस क्षेत्र में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने वाला है।
यह भी पढ़ें: गर्मी में बाल हो गए हैं बेजान, आजमाएं ये घरेलू उपाय
कहां चलेगी हीटवेव?
मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के कुछ-कुछ हिस्सों में इस सप्ताह से लू की शुरुआत हो रही है। मौसम गर्म बना रहेगा। तेलंगाना, रायलसीमा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चल सकती है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 37 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से ज्यादा होगा। हालांकि लू की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन गर्मी से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 15 से 18 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है। 17-18 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: गर्मियों में फोन हीट होने से परेशान हैं? ट्रिक्स जो आपकी डिवाइस को रखेंगे कूल
देश के दूसरे राज्यों का हाल क्या?
कर्नाटक के आंतरिक इलाकों में 14 से 16 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। मछुआरों को 14 और 15 अप्रैल को गुजरात तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
आम लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह क्या है?
किसानों और आम लोगों को सलाह है कि लू वाले इलाकों में दोपहर में बाहर निकलने से बचें, हल्के कपड़े पहनें और खेतों में जरूरत अनुसार सिंचाई करें। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जल निकासी का ध्यान रखें और फसलों को सुरक्षित जगह पर रखें।
