देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मार्च के महीने में ही कई राज्यों में लू चलने से लोग परेशान हो गए थे लेकिन अब बदलते मौसम के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और ओले गिरने की संभावना बनी हुई है। देशभर में पिछले 48 घंटों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जिससे अधिकांश राज्यों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले 48 घंटों में भी मौसम इसी तरह रह सकता है। 

 

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 48 घंटों में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी के बाद लोगों को गर्मी और प्रदूषण से राहत मिली है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है जिससे मौसम काफी सुहावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दिल्ली में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। आज दिल्ली में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बै। मौसम में इस बदलाव के कारण एयर क्वालिटी में सुधार देखने को मिल रहा है। सीपीसीबी के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर कम होकर 100-150 के बीच रह सकता है। 

 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने ओडिशा में सोफिया फिरदौस सहित तीन विधायकों को पार्टी से निकाला

आज का मौसम 

 

हिमाचल-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय रहने की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर में अगले कई दिनों तक बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यानी कश्मीर वालों को अभी कुछ दिन और ठंड का सामना करना होगा। हिमाचल प्रदेश के चंबा, मंडी, केलांग, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, हमीरपुर, सोलन, ऊना और सिरमौर समेत करीब 10 जिलों में आज मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों में 40 से 50 किलोमीट प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में बढ़ते तापमान से राहत जरूर मिलेगी और रात और सुबह के समय सर्दी बढ़ेगी। 

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत के अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, तेज हवाओं और ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। आज भी उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, जिसने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तो येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। 

ओले

 

वहीं, बिहार की बात करें तो बिहार में भी मौसम ने करवट ली है। मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन ओले गिरने से फसलों के नुकसान की संभावना बनी हुई है। पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, ईस्ट चंपारण, वेस्ट चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, अररिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, भागलपुर, खगड़िया, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

इन राज्यों में भी होगी बारिश

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के लिए आने वाले कुछ दिनों के लिए हल्की बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड में 19 और 20 मार्च को,हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 मार्च को, पंजाब-हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 19 और 20 मार्च को कुछ स्थानों बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई है। 

 

यह भी पढ़ें: महामारी के बाद बूम…फिर ब्रेक, विदेशी टूरिस्टों में भारी गिरावट, क्या हैं आंकड़े?

अन्य राज्यों का मौसम

 

अन्य राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र ,गुजरात , कोंकण और गोवा के लिए हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। विदर्भ में और छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जगहों पर ओले गिरने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में मौसम की गतिविधियां आज भी जारी रहेंगीं। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश होने की संभावना है।