देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में शीत लहर और घने कोहरे के कारण लोग परेशान हैं। कोहरे की वजह से कई जगहों से दर्दनाक सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में ठंड़ बढ़ने की संभावना जताई है। वहीं, कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोहरे की चादर छाई हुई है। वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली वाले प्रदूषण की मार भी झेल रहे हैं। पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में कोहरे से हालत खराब हैं और मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में भी मौसम ने टेंशन बढ़ा दी है।
उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है, जबकि दक्षिणी इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर मछुआरों को समुद्री किनारों से बचने की सलाह दी है और आम लोगों को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। दक्षिण भारत के राज्यों में होने वाली इस बारिश से आसपास के राज्यों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। उत्तर भारत के किसी भी राज्य में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना नहीं जताई है।
यह भी पढ़ें- Delhi Pollution: 500 AQI में कितना कारगर है मास्क? डॉक्टर ने दी चेतावनी

दिल्ली में कैसे रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण और कोहरे का दोहरा संकट बना हुआ है। एक तरफ लोग ठंड और कोहरे से परेशान हैं तो दूसरी तरफ प्रदूषण ने दिल्ली वालों को परेशान कर रखा है। दिल्ली में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते सड़कों पर स्पीड थोड़ी कम हो गई है।

आज 18 दिसंबर को पूरा दिन दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा और AQI आज भी 400 के पार बना रहेगा। पूर्वनुमान के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में हवाएं कमजोर पड़ेंगी और प्रदूषण गंभीर हो सकता है। दिल्ली वालों को फिलहाल ठंड, कोहरे और प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम ठंडा रह सकता है। इस दौरान दोनों हिस्सों में कुछ जगहों पर बहुत घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कहीं-कहीं शीत लहर का भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की माने तो गुरुवार को कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और उसके आसपास के इलाकों में शीत लहर का असर दिख सकता है।
बिहार- झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश की तरह ही बिहार में भी ठंड के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 18 दिसंबर से शीतलहर का असर और ज्यादा तेज होगा। पटना, गया, पूर्वी-विमल चंपारण, सारण, सिवान, भोजपुर, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, दरभंगा और मधुबनी में कोहरा और ठंड बढ़ेगी। वहीं, न्यूनतम तापमान 10-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोत्र के कारण बिहार में बर्फीली हवाओं की स्पीड बढ़ रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आ सकती है।
झारखंड की बात करें तो झारखंड में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण राज्य में ठंड अचानक से बढ़ गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक किसी बढ़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। रांची समेत राज्य के कई इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- पहले नेशनल यूथ गेम्स 2028 की मेजबानी करेगा बिहार, मिली हरी झंडी
उत्तराखंड-हिमाचल में कैसा हाल?
हिमाचल की राजधानी शिमला में स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि 17 दिसंबर की रात से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगेगा। वहीं, 17 और 18 दिसंबर को मैदानी क्षेत्रों, बिलासपुर के भाखड़ा डैम क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में सुबह-शाम घना कोहरा छाने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल में इस साल पिछले सालों की तुलना में कम ठंड पड़ रही है। बुधवार के दिन धर्मशाला में दिसंबर के दौरान सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। इससे पहले 2010 में 25.4 डिग्री पारा रिकॉर्ड हुआ था लेकिन बीते बुधवार के दिन धर्मशाला में अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 दिसंबर को हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे ठंड और बढ़ने की संभावना है। मंगलवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री और ताबो में माइनस 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। मनाली में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री और कल्पा में 3.4 डिग्री रहा।
उत्तराखंड में आज ठंड बढ़ने की संभावना है। उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग और चमोली में सुबह से समय 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर भारत के अन्य राज्यों की तरह ही कोहरे का कहर रहेगा। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
