देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय हो गया है, जिसके चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 3 जुलाई को भी उत्तर, मध्य, पूर्व, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ने 2 जुलाई तक गुजरात के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के अधिकांश भाग, पूरे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश के शेष भागों तथा राजस्थान के कुछ इलाकों तक आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों में मॉनसून के राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
यह भी पढ़ें: ठाणे: जलभराव में दौड़ा करंट, चपेट में आने से 17 वर्षीय लड़की की मौत
किन राज्यों में होगी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, 3 जुलाई को पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम-मेघालय और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
बिहार में 2 से 6 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 3 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और कुछ स्थानों पर तेज हवा व बिजली गिरने की आशंका है। झारखंड में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इन दोनों राज्यों में कई हिस्सों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश से बेहाल मुंबई
मुंबई और आसपास के इलाकों में 2 जुलाई को हुई तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह गाड़ियों की आवाजाही धीमी रही। मुंबई में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया था। इसके साथ ही स्कूलों को भी बंद रखा गया था। मौसम विभाग ने आज भी मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
बारिश के कारण बढ़ी मुश्किलें
2 जुलाई को महाराष्ट्र के अलावा जम्मू-कश्मीर के डोडा क्षेत्र में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से परेशानी देखने को मिली। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के कारण तबाही देखने को मिली और इसके साथ ही कुछ अप्रिय घटनाएं भी सामने आई। वहीं कई राज्यों में लगातार बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आईं।
दिल्ली में मॉनसून की एंट्री
दिल्ली में भी लंबे इंतजार के बाद मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 जुलाई को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के कई इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: 8 अरब डॉलर की स्पेस इकॉनमी, 400 से ज्यादा स्टार्टअप, ISRO कैसे कमाल कर रहा है?
अन्य राज्यों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।


