महाराष्ट्र के ठाणे जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। मुंब्रा इलाके में बारिश के पानी में करंट उतरने से 17 साल की एक लड़की की मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि यह हादसा बिजली विभाग और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है, जिसके चलते एक मासूम की जान चली गई।
मृतका की पहचान आलिया चांदीवाला के रूप में हुई है, जो मुंब्रा के यासमीन पार्क इलाके की रहने वाली थी। बुधवार रात वह किसी जरूरी काम से घर से निकली थी। रास्ते में जलभराव वाले हिस्से से गुजरते समय वह करंट की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में परिजन और स्थानीय लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: CBI ने एक और अधिकारी को दबोचा, IDFC फर्स्ट बैंक से जुड़ा 504 करोड़ का घोटाला
नाले में बह रहा था मौत का करंट
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिस नाले के पास यह हादसा हुआ, वहां बिजली की मुख्य केबल कई महीनों से खुले और असुरक्षित तरीके से पड़ी थी। लोगों ने बताया कि हमने बारिश शुरू होने से पहले ही कई बार अधिकारियों से केबल को ऊपर बांधने की मांग की थी लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी। हालत यह है कि शिकायत करने के लिए बिजली विभाग के दफ्तर में 50 बार फोन करो, फिर भी कोई जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाता।
यह भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में मिली 4 करोड़ की हेरोइन, छह तस्कर भी हत्थे चढ़े
मुंबई में बारिश के बीच दो और दर्दनाक हादसे
ठाणे की इस घटना से पहले मुंबई में भी बारिश के दौरान दो बड़े हादसे सामने आ चुके हैं। चांदीवली इलाके में 60 वर्षीय असलम इसाक शेख खुले मैनहोल में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि सफाई कार्य के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया गया था। भारी बारिश के कारण उन्हें खुला मैनहोल दिखाई नहीं दिया और वह उसमें गिर गए। बाद में राहत एवं बचाव दल ने उनका शव बाहर निकाला। इसके अलावा चेंबूर में एक पुराना पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिर गया था। इस हादसे में 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की जान चली गई, जबकि पांच अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।