देशभर में मानसून की रफ्तार थमने लगी है। पूरे देश में लोगों को बारिश से तो राहत मिल रही है लेकिन अब बढ़ते तापमान और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में नवरात्रि के पहले दिन गर्मी ने लोगों की समस्याएं खूब बढ़ाईं। पिछले 24 घंटों में मौसम का मिजाज मिला-जुला ही रहा। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हाल ही में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, झारखंड, त्रिपुरा, उत्तरी कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भी बारिश दर्ज की गई। इनके अलावा पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहाक, हिमाचल, दिल्ली में मौसम साफ रहा। मानसून की वापसी अब शुरू हो चुकी है और मौसम विभाग के अनुसार, मध्य अक्टूबर तक मानसून पूरे देश से वापस चला जाएगा। 

 

दिल्ली में लोग बढ़ती गर्मी से परेशान हैं और फिलहाल अगले 3 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 35 डिग्री से 40 डिग्री के बीच में बना रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक और लोगों को उमस वाली गर्मी परेशान कर सकती है। पूरे नवरात्रि तेज धूप लोगों के लिए मुश्किल बनी रहेगी। कुछ दिन पहले तक यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर दिल्ली के लिए आफत बन गया था लेकिन अब यमुना का जलस्तर भी तेजी से कम हो रहा है। वहीं एनसीआर क्षेत्र में भी मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। नोएडा, गुरुग्राम में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

 

यह भी पढ़ेंUK, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया ने फिलिस्तीन को देश माना, इजरायल पर असर क्या?

 

आज का मौसम

 

 

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में भी बारिश होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वहीं बिहार, जहां एक बड़ा हिस्सा कुछ दिन पहले तक बाढ़ की चपेट में था वहां भी अब लोगों को बारिश से राहत मिली है। राज्य के ज्यादातर हिस्से में बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, नालंदा, नवादा और गया में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल-उत्तराखंड को भी राहत

देश के दो पहाड़ी राज्यों हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश अपने साथ आफत लेकर आई थी। पूरे मानसून सीजन में जमकर बारिश हुई और कई जगह लैंडस्लाइड और बादल फटने की घटनाओं के कारण भारी नुकसान भी हुआ। दोनों राज्यों में कई लोगों की जान भी मानसून की घटनाओं के कारण चली गई। राज्य को करोड़ों का नुकसान हुआ है। हालांकि, अब दोनों राज्यों को बारिश से राहत मिल चुकी है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है यानी कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। 

 

यह भी पढ़ेंएयर इंडिया विमान हादसा: जांच रिपोर्ट लीक होने से SC क्यों नाराज?

इन राज्यों में होगी बारिश 

देश के ज्यादातर हिस्से को ग्रीन जोन में रखा गया है लेकिन कुछ हिस्से में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है। आज मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं झारखंड में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने झारखंड के पांच जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार,  सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और हजारीबाग में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। 

 

राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, सिरोही, दुर्गापुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, झालावाड़ और बारां में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल में कल रात से लगातार बारिश हो रही है। कई जगह जलभराव हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी बंगाल के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का मौसम

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तटीय आंध्र प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण भारत में 28 सितंबर तक मानसून की गतिविधियां जारी रहने की  संभावना है। 

 

यह भी पढ़ेंGST सुधार लागू, TV से दवाई तक, कौन सी चीजें हुईं सस्ती? लिस्ट देखिए

 

पूर्वोत्तर भारत में भी इस साल भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में अभी कुछ दिन और मानसून सक्रिय रह सकता है। असम और मेघालय में आज से 25 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 सितंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही बादलों की  गरज के साथ तूफान चलने की भी संभावना है।