केंद्र में मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे हो चुके हैं। सोमवार को तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने पर पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सुशासन और बदलाव पर स्पष्ट तौर पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों भारत न केवल सबसे तेज अर्थव्यवस्था बना, बल्कि जलवायु एक्शन और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों में एक प्रमुख वैश्विक आवाज भी बना है।
पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'बीते 11 वर्षों में हमारी सरकार की हर योजना के केंद्र में गरीब भाई-बहनों के साथ ही जन-जन का कल्याण सुनिश्चित करना रहा है। उज्ज्वला हो या पीएम आवास, आयुष्मान भारत हो या भारतीय जनऔषधि या फिर पीएम किसान सम्मान निधि, इन सभी योजनाओं ने देशवासियों की उम्मीदों को नए पंख दिए हैं। हमने इस दौरान पूरी निष्ठा और सेवाभाव के साथ लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है।'
यह भी पढ़ें: एलन मस्क को कैसे बर्बाद कर सकते हैं ट्रंप, किसे होगा फायदा?
'नारी शक्ति को सशक्त बनाने पर फोकस'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में एनडीए सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को नए सिरे से परिभाषित किया। स्वच्छ भारत के माध्यम से सम्मान सुनिश्चित करने से जन धन खातों के जरिए वित्तीय समावेशन तक, सरकार की कई पहलों ने हमारी नारी शक्ति को सशक्त बनाने पर फोकस किया। उज्ज्वला योजना से कई घरों में धुआं खत्म हुआ।
मुद्रा लोन ने लाखों महिला उद्यमियों को अपने सपनों को साकार करने की ताकत दी। पीएम आवास योजना से महिलाओं को उनके नाम पर घर की सौगात मिली। 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' अभियान बालिकाओं की सुरक्षा की दिशा में एक राष्ट्रीय आंदोलन बना। महिलाएं सशस्त्र बल, खेल, शिक्षा, विज्ञान, स्टार्टअप समेत कई क्षेत्र में न केवल बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं, बल्कि कई लोगों की प्रेरणास्रोत बन रही हैं।
सामूहिक सफलता पर गर्व: पीएम
पीएम मोदी ने कहा, '140 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और सामूहिक भागीदारी से भारत ने कई क्षेत्रों में बदलाव को देखा है। सबका साथ- सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत से प्रेरित होकर एनडीए सरकार ने कई बदलाव किए हैं। आर्थिक विकास से सामाजिक उत्थान तक लोगों पर केंद्रित, समावेशी और सर्वांगीण प्रगति पर फोकस किया गया। हमें अपनी सामूहिक सफलता पर गर्व है। हम आशा, विश्वास और विकसित भारत के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: शादी और कत्ल, 5 मामले में जिनमें बीवियों पर लगा पति की हत्या का आरोप
11 साल की प्रमुख उपलब्धियां
- पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना: इस योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया गया।
- स्वच्छ भारत: योजना के तहत देशभर में कुल 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया गया।
- 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से पीने का पानी पहुंचाया गया।
- प्रधानमंत्री आवास योजना: देशभर में 4 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण।
- पीएम स्वनिधि: इसके तहत 68 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक सहायता दी गई।
- मुद्रा योजना: छोटे उद्यमियों को 52.5 करोड़ से ज्यादा के लोन मिले।
- सामाजिक न्याय: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला। वर्तमान में केंद्र में 60% मंत्री एससी, एसटी या ओबीसी हैं।
- लॉकडाउन में 20 करोड़ महिलाओं के खातों में कैश ट्रांसफर किया गया।
- स्टैंड अप इंडिया: अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों को 14,700 करोड़ रुपये से अधिक का लोन।
- 2014 से एकलव्य आवासीय विद्यालयों की संख्या में चार गुना से अधिक की वृद्धि।
- 112 आकांक्षी जिले विकास के मापदंडों पर अपने राज्यों के औसत से ज्यादा बढ़े।
सरकार 2047 के सपने बेच रही: राहुल गांधी
उधर, सरकार के 11 साल पूरे होने पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'जब मोदी सरकार 11 साल की “सेवा” का जश्न मना रही है, तब देश की हकीकत मुंबई से आ रही दर्दनाक खबर में दिखती है, ट्रेन से गिरकर कई लोगों की मौत। भारतीय रेल करोड़ों की जिंदगी की रीढ़ है, लेकिन आज असुरक्षा, भीड़ और अव्यवस्था की प्रतीक बन चुकी है।' उन्होंने आगे लिखा-
मोदी सरकार के 11 साल = न जवाबदेही, न बदलाव, सिर्फ प्रचार।
सरकार 2025 पर बात करना छोड़, अब 2047 के सपने बेच रही है।
देश आज क्या झेल रहा है, ये कौन देखेगा?
मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।