रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (रिटायर्ड) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वहीं, वाइस एडमिरल कृष्ण स्वामिनाथन को अगला नौसेना प्रमुख बनाया गया है। दोनों नियुक्तियों के आदेश शनिवार सुबह सार्वजनिक हुए हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि 30 मई को जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे। वहीं, वाइस एडमिरल स्वामिनाथन 31 मई को एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी की जगह नौसेना प्रमुख का पद संभालेंगे। ये नियुक्तियां उस समय हुई हैं जब रक्षा मंत्रालय में, सेंट्रल कमांड को लेकर बड़े सैन्य सुधार चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: न जमीन, न आसमान, जंग का अखाड़ा समंदर, भारत कितना आत्मनिर्भर?
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि कौन हैं?
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि हाल ही में थलसेना के वाइस चीफ के पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद वह नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में सैन्य सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने 39 साल की लंबी सेवा के बाद जुलाई 2025 में वाइस चीफ पद से विदाई ली थी। वह गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के अधिकारी हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि, नेशनल डिफेंस एकेडमी, खडकवासला और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के छात्र रहे हैं। उन्होंने लखनऊ में सेंट्रल आर्मी कमांडर के रूप में भी सेवा की है। पश्चिमी और उत्तरी सीमा दोनों जगहों पर उन्होंने अहम सेवाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें: IFR 2026: 7वीं रैंक, चीन-पाकिस्तान जैसे पड़ोसी, नौसेना की चुनौतियां क्या हैं?
वाइस एडमिरल कृष्ण स्वामिनाथन कौन हैं?
वाइस एडमिरल कृष्ण स्वामिनाथन, अभी मुंबई स्थित वेस्टर्न नेवल कमांड की कमान संभाल रहे हैं। वह पहले नौसेना के वाइस चीफ भी रह चुके हैं। साल 1987 में भारतीय नौसेना में वह भर्ती हुए थे। वाइस एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन को कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर का विशेषज्ञ माना जाता है।
वाइस एडमिरल कृष्ण स्वामिनाथन ने INS विक्रमादित्य जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर समेत कई बड़े जहाजों की कमान संभाली है। उन्होंने नौसेना की ट्रेनिंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। अब वह नौसेना की कमान संभालेंगे। सीमा पर नई चुनौतियों के मद्देनजर, इसे बेहद अहम माना जा रहा है।
