पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में उन्हें और उनके बेटे रनिंदर सिंह को समन भेजा है। इस समन के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे को ईडी के सामने गुरुवार और शुक्रवार यानी 12 और 13 फरवरी को पेश होना है। अब अमरिंदर सिंह की सेहत को देखते हुए कहा जा रहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ईडी के सामने पेश नहीं होंगे। जिस केस में यह समन भेजा गया है, वह साल 2016 में दर्ज किया गया था।

 

वहीं, इस मामले पर रनिंदर सिंह ने X पर लिखा है कि वह कानून को मानने वाले नागरिक के तौर पर हर जांच एजेंसी का सहयोग करेंगे। रनिंदर सिंह ने कहा है कि उन्हें कानून के नियमों पर विश्वास है और उन्हें भरोसा है कि सत्य और न्याय की जीत होगी।

किस केस में भेजा गया समन?

 

इस मामले की शुरुआत साल 2011 से होती है। फ्रांस की सरकार ने भारत सरकार को कुछ जानकारी और 'मास्टर शीट्स' दी थीं। इसी में आरोप लगे कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और रनिंदर सिंह के पास कुछ विदेशी संपत्तियां ऐसी हैं जिनका मालिकाना एक ऐसी विदेशी कंपनी के पास है जिसे एक ट्रस्ट के जरिए चलाया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: कानपुर लैंबॉर्गिनी केस: अस्पताल से पकड़ा गया मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा

 

इसी के आधार पर इनकम टैक्स विभाग ने साल 2016 में धारा 277 (गलत बयान देने या गलत दस्तावेज देने के आरोप में) के तहत केस दर्ज किया। बाद में इसी मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने भी केस दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की। अब ईडी इस मामले की जांच फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट ऐक्ट (FEMA) के तहत जांच कर रही है। 

 

ईडी की जांच को चुनौती देते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह और रनिंदर सिंह ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इन दोनों ने अपील की थी कि ईडी को इस केस की जांच करने से रोका जाए। सितंबर 2025 में हाई कोर्ट ने इन दोनों की यह याचिका खारिज कर दी थी। इसी के बाद ईडी ने दोनों को समन भेजा है।

 

यह भी पढ़ें: स्टार्टअप खोलने के लिए US से लौटा, मां-बाप ने पैसे नहीं दिए चाकू मारकर ले ली जान

अस्पताल में क्यों एडमिट हुए कैप्टन?

 

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हाल ही में मोहाली के एक निजी अस्पताल में अपने घुटने का ऑपरेशन करवाया था। 83 साल के कैप्टन अमरिंदर की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ICU में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। फिलहाल, उनकी सेहत स्थिर है लेकिन वह डॉक्टरों की निगरानी में ही हैं। ऐसे में यह संभव है कि उन्हें पेशी के लिए अलग तारीख और समय दे दिया जाए। वहीं, उनके बेटे रनिंदर सिंह को शुक्रवार को ईडी के सामने पेश होना है।