राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी 70 में से 48 सीटें हासिल करके चुनाव जीत चुकी है। आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर सिमटकर विधानसभा चुनाव हार चुकी है। अब कवायद राजधानी का नया मुख्यमंत्री चुनने की हो रही है। कुछ ही दिनों में दिल्ली को अपना नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। कुल मिला कर दिल्ली में चुनाव सिमट चुका है। 

 

राजनीतिक पार्टियों, मीडिया और राजनीतिक पंडितों का पूरा ध्यान बिहार की तरफ मुड़ गया है। बिहार की तीनों बड़ी पार्टियां राष्ट्रीय जनता दल, भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड की राज्य में सियासी सक्रियता तेज हो गई है।    

 

बिहार चुनाव को लेकर नीतीश हुए सक्रिय

 

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी तो धार देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार प्रगति यात्रा के तहत जनता के बीच जा रहे हैं। प्रगति यात्रा के दौरान ही अलग-अलग जिलों में हजारों करोड़ों रुपये की विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर रहे हैं। 

सीएम नीतीश के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जाने के बाद देखने को मिलता है कि वह रोजाना 'प्रगति यात्रा' के तहत विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसके साथ ही वह सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके विकास वाली योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दे रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'साउथ कोस्ट रेलवे' होगा रेलवे का 18वां जोन, क्यों पड़ी इसकी जरूरत?

पीएम नरेंद्र मोदी ने फूंका बिगुल

 

ऊधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। 1 फरवरी को पेश किए गए बजट में बिहार के लिए केंद्र सरकार ने अपना पिटारा खोल दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में बिहार को कई सौगातें दीं। इनमें ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, मखाना बोर्ड का गठन, राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान, आईआईटी पटना का विस्तार आदि शामिल हैं।

 

 

बिहार को सौगात

 

बजट में बिहार को कई सौगातें मिलने के बाद बिहार एनडीए के सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान संसद भवन में बिहार एनडीए के सभी सांसदों ने केंद्रीय बजट में बिहार को विशेष सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। पीएम ने इस दौरान सांसदों के साथ फोटो खिंचवा के इसे शेयर किया। इससे उन्होंने बिहार चुनाव में एक साथ लड़ने का संदेश दे दिया। 

 

यह भी पढ़ें: 'साथ आएं तो अलग पार्टी..' पंकजा मुंडे के बयान से BJP में बगावत की आहट!

दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की बिहार में सक्रियता पहले से ही मौजूद है। राजद नेता तेजस्वी यादव लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। वह लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। राजद 'बिहार को अब युवा नेतृत्व चाहिए। तेजस्वी है सही।' नारे के साथ तेजस्वी के नेतृत्व में जनता को विकास करने का विश्वास दिला रही है। 

 

तेजस्वी की तैयारियां तेज, केंद्र में जनता

 

बिहार से अंधेरे को मिटाने के लिए तेजस्वी आ रहे हैं। इस नारे का साथ में राजद ने बिहार की जनता से वादा किया है कि आरजेडी की सरकार बनने पर हर घर को 200 यूनिट बिजली बिल्कुल मुफ्त दी जाएगी। इसके बाद पार्टी की ओर से एक और नारा दिया गया है, 'हर वादा पूरा होगा, तेजस्वी का वादा है।'

इसके अलावा राजद बिहार में नई सरकारी नौकरियां, सरकार बनने पर नए उद्योग धंधे लगाने, दिव्यांग और महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, अपराध का समाधान जैसी कई योजनाओं का ऐलान कर चुकी है। इसको लेकर पार्टी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार पोस्ट डाल रही है।

 

चिराग-मांझी भी पीछे नहीं
 
इसके अलावा, कांग्रेस, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, मुकेश सहनी की वीआईपी, पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की एलजेपी और लेफ्ट की पार्टियां भी अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। 

 

बता दें कि बिहार में इस साल अक्टूर के महीने में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। बिहार में साल 2005 से लगातार नीतीश कुमार सीएम के पद पर काबिज हैं। हालांकि, इस अवधि के दौरान कुछ समय के लिए उन्होंने जीतन राम मांझी को भी सत्ता सौंप दी थी। जिन्हें बाद में हटा दिया गया था।