पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होंगे। इन चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। पंजाब के सीएम भगवंत मान अपनी शुक्राना यात्रा के जरिए लोगों के बीच जा रहे हैं और अब कांग्रेस ने भी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने शनिवार को चंडीगढ़ में मीटिंग कर चुनावों के लिए रणनीति बनाई। इस मीटिंग में प्रभापी भूपेश बघेल समेत पंजाब कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता मौजूद थे। इस मीटिंग में फैसला हुआ है कि पार्टी सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिनों तक यात्रा निकालेगी।
पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में हुई प्रदेश कांग्रेस की मंथन बैठक के बाद पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने घोषणा की कि पार्टी राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क यात्रा निकालेगी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा लगातार तीन दिन तक चलेगी। इस यात्रा के जरिए पार्टी पंजाब सरकार की नीतियों के खिलाफ माहौल तैयार करने की कोशिश करेगी।
यह भी पढ़ें: AAP के जिस मंत्री को ED ने किया गिरफ्तार, जानिए कितना फैला है उनका बिजनेस
किन मुद्दों पर रहेगा फोकस?
कांग्रेस पार्टी की ओर से यह यात्रा पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए जमीन तैयार करने के रूप में देखी जा रही है। इस यात्रा के जरिए पार्टी जनता से सीधे संवाद करने की कोशिश करेगी। इसके साथ ही यात्रा के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पंजाब में हाल ही में हुए ब्लास्ट और ईडी की रेड और आम आदमी पार्टी के नेताओं से जुड़े विवादों को भी पार्टी जनता के बीच उठाएगी।
क्या बोले पार्टी प्रधान?
पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने इस मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीजेपी और आम आदमी पार्टी मिलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के सांसद अशोक मित्तल के घर पर ईडी की छापेमारी हुई तो वह बीजेपी में शामिल हो गए। अब संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी इनकी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पुलिस और विजिलेंस का दुरुपयोग करती आई है, अब बीजेपी उनके साथ वही कर रही है।
पंजाब सरकार के खिलाफ जारी होगी चार्जशीट
इस मीटिंग में कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट लाने का भी फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मीटिंग में यह फैसला लिया गया है कि कांग्रेस जल्द ही पंजाब सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट जारी करेगी। इसमें कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: CM बनते ही ममता की राह पर शुभेंदु अधिकारी? जय श्री राम नारे पर टोक दिया
कब होंगे चुनाव?
पंजाब विधानसभा का कार्यकाल अगले साल मार्च में खत्म हो रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग को मार्च के पहले हफ्ते तक चुनाव संपन्न करवाने होंगे। पिछले विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी फरवरी और मार्च के महीने में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। इन चुनावों में कई राजनीतिक दल उतर चुके है। आम आदमी पार्टी फिर से सरकार बनाने की कोशिश करेगी तो शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस राज्य की सरकार में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी बंगाल के बाद अब पंजाब में भी कमल खिलाने के मूड में नजर आ रही है।
