पंजाब की कांग्रेस की दिग्गज नेताओं में शुमार नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को एलान किया है कि वह अब कांग्रेस का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। नवजोत कौर सिद्धू ने अपने इस्तीफे के पीछे कांग्रेस नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग की वजह से राज्य में कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंच रहा है।
नवजोत कौर ने राजा वडिंग को अक्षम नेता और भ्रष्ट अध्यक्ष करार दिया है। नवजोत कौर सिद्धू ने करीब एक महीने पहले यह दावा किया था कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये देने पड़ते हैं। उनके इस बयान पर हंगामा हुआ था। कांग्रेस ने नवजोत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था।
यह भी पढ़ें: 4 साल से शांत चल रहे नवजोत सिंह सिद्धू आखिर क्यों उखड़ रहे हैं?
'राजा वडिंग ने बेच दिया कांग्रेस'
नवजोत कौर ने राजा वडिंग पर आरोप लगाया है कि उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ समझौता किया है, जिससे उन्हें लाभ पहुंच सके। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि वह पार्टी बेच रहे हैं। उन्होंने कहा है कि राजा वडिंग ने आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर खुद को जेल जाने से बचा लिया है। वह पार्टी बेच चुके हैं।
नवजोत कौर सिद्धू, कांग्रेस नेता:-
आपने मेरे लिए निलंबन पत्र तैयार कर रखा था, लेकिन उन लगभग 12 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का क्या, जो नवजोत को नुकसान पहुंचाने के लिए मजीठिया के साथ काम करने में व्यस्त थे? आपने नवजोत को हराने के लिए उन सभी को बड़े पदों से पुरस्कृत किया। मेरे पास आपको बर्बाद करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है, क्योंकि मैंने खुद कांग्रेस छोड़ दी है, जहां कोई भी होनहार नेता नजर नहीं आता।
'मुझे हराने के लिए उम्मीदवार उतारे'
नवजोत कौर ने आरोप लगाया है कि उन्हें चुनाव में हराने के लिए उन्हीं की सीट पर कई प्रॉक्सी उम्मीदवार उतार दिए गए। उन्होंने कहा, 'आपने भरत भूषण, चरणजीत सिंह चन्नी, राजिंदर कौर भट्टल, डॉ. धर्मवीर गांधी जी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ क्या कार्रवाई की, जिन्होंने खुले तौर पर आपको और आपकी पार्टी को चुनौती दी है?
यह भी पढ़ें: सिद्धू की पत्नी ने ऐसा क्या कहा, जो कांग्रेस के गले की फांस बन गई?
नवजोत कौर सिद्धू:-
आप हंसी का पात्र बन चुके हैं और लोग आपकी रील देखकर मजे ले रहे हैं। नवजोत से प्रेम करने वाले कांग्रेस नेताओं का अपमान करना बंद कीजिए। आप पार्टी को जिताने के बजाय उसे बर्बाद करने में ज्यादा व्यस्त हैं। अपनी पार्टी के प्रति ईमानदार न होने के लिए आपको शर्म आनी चाहिए। आपने काफी नुकसान कर दिया है।
यह भी पढ़ें: किन शर्तों पर राजनीति में लौट सकते हैं सिद्धू? नवजोत कौर ने बताया
नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस क्यों छोड़ी, वजह समझिए
पंजाब कांग्रेस में आंतरिक कलह अपने चरम पर है। पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी लगातार हाशिए पर रख रही है। दिसंबर 2025 में एक दिन अचानक से नवजोत कौर सिद्धू ने आरोप लगाए कि पंजाब में मुख्यमंत्री बनने के लिए 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देना पड़ता है। इस बयान की वजह से उन्हें निलंबित कर दिया।
सस्पेंशन के बाद भी उन्होंने पार्टी के भीतर सुधार की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अपने इस्तीफे में नवजोत कौर ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर तीखा हमला बोला। वह रूठ तो गईं लेकिन उन्हें किसी ने पार्टी में आने के लिए मनाया नहीं, न ही उनके निलंबन को रद्द करने के लिए पार्टी तैयार हुई।
साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यह बड़ा झटका माना जा रहा है। नवजोत सिद्धू पार्टी में अपना सियासी कद बढ़ा हुआ देखना चाहते हैं लेकिन अब कांग्रेस उन्हें आगे करने के लिए तैयार नहीं है। नवजोत कौर के साथ भी यही हुआ है। अब उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।
