डेड बॉडी से शादी करना जिसे घोस्ट मैरिज या पोस्टह्यूमस मैरिज कहा जाता है, कुछ देशों में एक परंपरा के रूप में मनाया जाता है। यह सुनने में बेहद अजीब लगे लेकिन यह प्रथा आध्यात्मिक, सामाजिक और पारिवारिक मान्यताओं से जुड़ी है। भारत में कुछ समुदायों जैसे दक्षिण भारत के बिलावा, बदागा या टोडा में पहले यह प्रथा थी। अगर कोई अविवाहित व्यक्ति मर जाता था तो उसकी आत्मा की शांति के लिए उसकी शादी कराई जाती थी। आज यह प्रथा लगभग खत्म हो चुकी है। वहीं, दुनिया में डेड बॉडी से शादी करने की प्रथा चीन, फ्रांस, जापान और सूडान जैसे देशों में आज भी प्रैक्टिस की जाती है। 

 

दुनिया में डेड बॉडी से शादी

चीन (घोस्ट मैरिज)

चीन के कुछ ग्रामीण इलाकों में एक अनोखी और प्राचीन परंपरा देखने को मिलती है, जहां दो मृत लोगों या कभी-कभी एक मृत और एक जीवित व्यक्ति की शादी कराई जाती है। यह माना जाता है कि बिना विवाह के मरने वाली आत्मा अकेली रह जाती है और परिजनों को परेशान करती है। ऐसे में आत्मा को शांति देने और उसे एक साथी देने के उद्देश्य से यह शादी कराई जाती है। इस प्रक्रिया में कभी कागज के पुतलों से तो कभी असली मृत शरीर के साथ शादी की रस्में पूरी की जाती हैं और फिर दोनों को एक साथ दफनाया जाता है। 

 

कुछ मामलों में जीवित महिला की शादी मृत पुरुष से भी कराई जाती है, जिसके बाद वह उसके परिवार के साथ रहने लगती है। हालांकि, यह परंपरा अब कई कानूनी  समस्याओं से घिरी हुई है। यह प्रथा गैरकानूनी है, फिर भी लाशों की चोरी और कालाबाजारी होती है। एक मृत महिला की लाश 1-1.5 लाख युआन (लगभग 12-18 लाख रुपये) में बिकती है।

 

यह भी पढ़ें: कब्र से निकालते हैं शव, फिर करते हैं डांस; मेडागास्कर की अजीब परंपरा

 

फ्रांस (पोस्टह्यूमस मैरिज)

 

फ्रांस में कानून (आर्टिकल 171) के तहत जीवित व्यक्ति अपने मृत मंगेतर से शादी कर सकता है। यह बच्चों को वैधता देने, मृत साथी को सम्मान देने, या पेंशन/विरासत के लिए होती है। इस प्रथा में जीवित व्यक्ति को साबित करना होता है कि मृत व्यक्ति शादी करना चाहता था। इसमें राष्ट्रपति की मंजूरी जरूरी है। शादी की तारीख मृत्यु से एक दिन पहले की होती है। 2017 में एक पुलिसकर्मी की हत्या के बाद उसकी मंगेतर ने उससे शादी की थी।

 

सूडान 

मृत पुरुष की जगह उसका भाई किसी महिला से शादी करता है। बच्चे मृत व्यक्ति के वंश के माने जाते हैं। 

 

जापान
'ब्राइड-डॉल मैरिज' में मृत व्यक्ति की आत्मा को शांत करने के लिए गुड़िया से शादी की जाती है।

 

यह भी पढ़ें: लाश जलाकर उसका सूप बनाकर पी जाते थे लोग, हैरान कर देगी यह परंपरा

विश्व में डेड बॉडी से शादी के उदाहरण

चीन: शांक्सी में घोस्ट मैरिज (2013)

 

शांक्सी प्रांत में एक परिवार ने अपने मृत बेटे की आत्मा की शांति के लिए एक मृत महिला की लाश खरीदी और उनकी शादी कराई। दोनों मृतकों को एक साथ दफनाया गया। यह शादी कागज के पुतलों और पारंपरिक रस्मों के साथ हुई। यह गैरकानूनी था। पुलिस ने जांच की और पता चला कि लाश 1 लाख रुपये से ज्यादा में कालाबाजारी से खरीदी गई थी। चार लोगों को लाश बेचने के लिए जेल हुई। परिवार का मानना था कि बेटे की आत्मा अकेली थी और शादी से उसे साथी मिलेगा।

 

फ्रांस: पुलिसकर्मी जेवियर जुगेले का मृतक विवाह (2017)


जेवियर जुगेले, एक फ्रांसीसी पुलिसकर्मी, 2017 में पेरिस में एक आतंकी हमले में मारा गया। उनकी मंगेतर, एटियेन कार्डिल्स ने फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद से अनुमति लेकर जेवियर से मृतक विवाह किया। शादी में जेवियर की तस्वीर और स्मृति चिन्ह रखे गए। यह कानूनी रूप से मंजूर थी। एटियेन ने अपने प्यार को सम्मान देने और जेवियर की याद को जीवित रखने के लिए यह किया। 

 

यह भी पढ़ें: JK: रामबन में फटा बादल, बाढ़ की वजह से 3 की मौत, कई घर क्षतिग्रस्त

 

चीन: गांसु प्रांत में आपराधिक मामला (2016)

 

गांसु प्रांत में एक व्यक्ति ने दो महिलाओं की हत्या कर उनकी लाशें घोस्ट मैरिज के लिए बेचीं। उसने प्रत्येक लाश 1.5 लाख में बेची, जो एक मृत पुरुष के परिवार ने खरीदी थी। यह घटना सामने आने पर पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार किया। खरीदने वाले परिवार ने अपने मृत बेटे की आत्मा के लिए शादी कराई थी।