ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (11 फरवरी) अफगानिस्तान को दिल तोड़ने वाली हार मिली है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे डबल सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वह प्रोटियाज टीम के स्कोर के बराबर (187) पहुंचकर सिमट गई। इसके बाद सुपर ओवर में हुआ, जहां दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए और फिर मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में चला गया।

 

दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 24 रन बनाए। जवाब में रहमानुल्लाह गुरबाज ने लगातार तीन छक्के लगाकर अफगानिस्तान की उम्मीदें जगा दी थीं लेकिन वह आखिरी गेंद पर बाउंड्री नहीं लगा पाए और साउथ अफ्रीका ने बाजी मार ली। अफगानी टीम को इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ भी हार का मुंह देखना पड़ा था। लगातार दो मैचों में मिली दो हार से वह टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर आ गई है। आइए जानते हैं अफगानिस्तान के सुपर 8 में पहुंचने के क्या समीकरण हैं।

 

यह भी पढ़ें: अचानक अस्पताल में भर्ती हुए अभिषेक शर्मा, क्या टीम में होगा बदलाव?

अफानिस्तान के हाथ से निकला मामला

राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानी टीम को न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, UAE और कनाडा के साथ ग्रुप D में रखा गया है। इस ग्रुप में न्यूजीलैंड पहले नंबर पर, जबकि साउथ अफ्रीका दूसरे पायदान पर है। इन दोनों टीमों ने दो-दो मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड नेट रन रेट के आधार पर साउथ अफ्रीका से ऊपर है। अफगानिस्तान के पास कोई पॉइंट्स नहीं है लेकिन उसका नेट रन रेट उतना खराब नहीं है। इसी के चलते वह UAE और कनाडा से बेहतर स्थिति में है। अफगानिस्तान के बचे हुए दो मैच इन्हीं टीमों से है, जिनके खिलाफ जीत उसे सुपर-8 की रेस में बनाए रखेगी। हालांकि अफगानी टीम ये दोनों मुकाबले जीतकर भी अगले राउंड में नहीं पहुंच सकेगी, क्योंकि अब मामला उसके हाथ में नहीं रह गया है।

 

यह भी पढ़ें: जाम्पा-एलिस ने आयरलैंड को 115 पर समेटा, T20 WC में ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार जीत

 

अफगानिस्तान को जीत हासिल करने के अलावा यह भी दुआ करनी है कि न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका में से कोई एक टीम अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाएं। इस स्थिति में उसके और साउथ अफ्रीका या न्यूजीलैंड में से किसी एक टीम के पास 4-4 पॉइंट्स होंगे और फिर ग्रुप डी की दूसरी बेस्ट टीम बेहतर नेट रन रेट के आधार पर तय होगी। अगर 14 फरवरी को अहमदाबाद में होने वाले न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका मैच में बारिश खलल डालती और पॉइंट्स शेयर होते हैं, तो अफगानिस्तान के लिए दरवाजे बंद हो जाएंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि न्यूजीलैंड-साउथ अफ्रीका के पास 5-5 पॉइंट्स हो जाएंगे, जहां तक पहुंचना अफगानिस्तान के लिए अब संभव नहीं है।