ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने जीत की हैट्रिक लगाकर सुपर-8 में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में खराब शुरुआत से उबरकर जीत दर्ज की और फिर नामीबिया और पाकिस्तान को आसानी से मात दिया। आज (18 फरवरी) सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड अहमदाबाद में नीदरलैंड्स का सामना करने उतरेगी। टीम इंडिया की नजरें अजेय रहते हुए सुपर-8 में कदम रखने पर होगी। साथ ही भारतीय बल्लेबाज चाहेंगे कि स्पिन के सामने वे अपने गेम को और बेहतर करें।
भारत ने दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ 7 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिए थे। ये सभी ओवर तेज गेंदबाजों ने डाले थे लेकिन जैसे ही स्पिनर्स अटैक पर आए, टीम इंडिया की बल्लेबाजी बिखरती नजर आई। अगले 5 ओवर में मेजबान टीम 20 रन ही बना पाई और 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद हार्दिक पंड्या ने मोर्चा संभाला और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में भी यही हाल हुआ। स्पिनर्स की मददगार पिच पर अगर ईशान किशन ने 40 गेंद में 77 रन की पारी न खेली होती तो शायद ही टीम मजबूत स्कोर (177/7 तक पहुंच पाती। इन दोनों मैचों में खासकर तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव फंसते दिखे हैं। टीम इंडिया ने इस टी20 वर्ल्ड कप में 3 मैचों में 25 विकेट गंवाए हैं, जिसमें से 14 स्पिनर्स के सामने खोए हैं।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका ने UAE को भी हराया, सुपर-8 में भारत को मिलेगी तगड़ी टक्कर
अहमदाबाद में बड़ा चैलेंज नहीं
भारतीय टीम ने अब तक उन पिचों पर खेला है, जहां पिच थोड़ी मुश्किल रही है। नीदरलैंड्स के खिलाफ आज अहमदाबाद की पिच टीम इंडिया की बैटिंग स्टाइल को सूट कर सकती है। यहां टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 3 मुकाबले खेले जा चुके हैं और तीनों हाई-स्कोरिंग रहे हैं।
भारतीय टीम अपने तीनों मैचों में पहले बैटिंग करने उतरी है लेकिन वह एक ही बार 200 का आंकड़ा पार कर पाई है। अगर आज उसकी पहले बैटिंग आती है तो वह रिकॉर्डतोड़ स्कोर बना सकती है। यह सुपर-8 से पहले बल्लेबाजी में मनोबल बढ़ाने के लिहाज से अहम होगा। टीम इंडिया को अपना पहला सुपर-8 मैच इसी मैदान पर खेलना है। उसके सामने साउथ अफ्रीका की चुनौती है।
प्रोटियाज टीम ने अहमदाबाद में हुए तीनों मैच खेले हैं। ऐसे में उसके पास थोड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त होगी लेकिन भारतीय टीम इस बात से राहत महसूस कर सकती है कि यहां स्पिनर्स उतने सफल नहीं रहे हैं। अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान तीन मैचों में 36 विकेट गिरे हैं, जिसमें स्पिनर्स के नाम महज 8 विकेट ही हैं।
यह भी पढ़ें: 'मैच से पहले बर्तन धोने पड़े...', पाकिस्तानी टीम के साथ क्या हो रहा है?
सुपर-8 के बाकी मैचों में क्या होगा?
भारत का दूसरा सुपर-8 मैच जिम्बाब्वे से है। यह मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई में खेला जाना है। यहां टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 4 मैच खेले गए हैं, जिसमें 33 विकेट गिरे हैं। खास बात है कि इसमें से स्पिनर्स ने सिर्फ 11 विकेट लिए हैं। चेन्नई के चेपॉक मैदान में स्पिनर्स कहर बरपाते हैं लेकिन इस ICC इवेंट में वे थोड़े कम असरदार नजर आए हैं, जो भारतीय टीम की चिंता थोड़ी कम कर सकती है।
कोलकाता के ईडन गार्डंस में टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जहां उसे 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ना है। ईडन गार्डंस में अहमदाबाद और चेपॉक की तुलना में स्पिनर्स ज्यादा कारगर रहे हैं। इस ऐतिहासिक मैदान पर स्पिनर्स 20 विकेट चटका चुके हैं। इसे देखते हुए अकील हुसैन, गुडाकेश मोती और रोस्टन चेज की स्पिन तिकड़ी से निपटना भारतीय बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो सकती है।
