इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन के लिए मंगलवार (16 दिसंबर) को खिलाड़ियों की नीलामी हुई। अबू धाबी के एतिहाद एरीना में आयोजित हुए इस मिनी ऑक्शन में कुल 77 खिलाड़ी बिके, जिनमें सार्थक रंजन का भी नाम शामिल है। सार्थक रंजन बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के बेटे हैं। 

 

सार्थक को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 30 लाख रुपये में खरीदा। उनका बेस प्राइस इतना ही था। KKR ने सार्थक के लिए बोली की शुरुआत की और किसी दूसरी फ्रेंचाइजी से पैडल नहीं उठने के बाद शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली टीम ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ लिया। अब वह IPL 2026 में KKR के लिए खेलते दिखेंगे। बेटे को पहली बार IPL कॉन्ट्रैक्ट मिलने पर पप्पू यादव ने खुशी जताई है और कहा कि अब सार्थक के नाम से हमारी पहचान बनेगी।

'जमकर खेलो...'

IPL 2026 ऑक्शन में सार्थक के KKR में शामिल होते ही पप्पू यादव ने ट्विटर पर लिखा, 'बधाई बेटू... जमकर खेलो। अपने प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बनाओ, अपनी चाहत पूरी करो! अब सार्थक के नाम से बनेगी हमारी पहचान!'

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 ऑक्शन के बाद कैसी दिख रही है कोलकाता नाइट राइडर्स? देखिए पूरी लिस्ट

सार्थक ने DPL में किया था कमाल

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 में सार्थक रंजन दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने हर्षित राणा की कप्तानी वाली नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए 9 मैचों में 56.12 की औसत से 449 रन बटोरे थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.73 का रहा था। सार्थक ने DPL 2025 में एक शतक भी जड़ा था। इसी प्रदर्शन के बूते वह IPL तक पहुंचे।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 ऑक्शन के बाद कैसी दिख रही है चेन्नई सुपर किंग्स? पूरी लिस्ट देखिए

कभी सार्थक के चयन पर मचा था बवाल

सार्थक रंजन घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं। 2018 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए उन्हें दिल्ली की टीम में चुनने पर जमकर बवाल हुआ था। ऐसा इसलिए, क्योंकि सार्थक ने उस सीजन एक भी मैच नहीं खेला था और उन्हें अंडर-19 वर्ल्ड कप विनर कप्तान उन्मुक्त चंद और हितेन दलाल के ऊपर तरजीह दी गई थी। इसके बाद सवाल उठे कि क्या सार्थक के माता-पिता राजनीति में मजबूत शख्सियत हैं इसीलिए उनकी टीम में सरप्राइज एंट्री हुई है। बवाल बढ़ने के बाद दिल्ली एंव जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के मुख्य चयनकर्ता अतुल वासन को सामने आकर सफाई देनी पड़ी थी।