IPL 2026 का 48वां मैच एक लो-स्कोरिंग मुकाबला था, जो दिल्ली कैपिटल्स (DC) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया। यह मैच 5 मई को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुआ था। इस मैच में चेन्नई ने दिल्ली को 8 विकेट से हरा दिया। हालांकि दिल्ली हार के बावजूद प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वहीं इस जीत के साथ चेन्नई ने पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को थोड़ा और मजबूत कर लिया है।
चेन्नई ने यह मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में कोई बड़ी छलांग तो नहीं लगाई लेकिन टीम का नेट रन रेट और पॉइंट्स जरूर बढ़े हैं। CSK अभी छठे नंबर पर ही बनी हुई है। टीम ने 10 मैच खेले हैं, जिनमें 5 में जीत और 5 में हार मिली है। अब उनके कुल 10 पॉइंट्स हो गए हैं और नेट रन रेट +0.151 हो गया है।
यह भी पढ़ें: IPL में अब कोई टारगेट सेफ नहीं, इस सीजन 8 बार चेज हुए 220 प्लस रन
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। टीम पहले की तरह ही 7वें नंबर पर बनी हुई है और उनका नेट रन रेट और भी गिर गया है। दिल्ली ने भी 10 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 4 में जीत और 6 में हार मिली है। टीम के कुल 8 पॉइंट्स हैं और नेट रन रेट -0.949 तक पहुंच गया है।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला दिल्ली कैपिटल्स के ज्यादा काम नहीं आया। शुरुआत से ही चेन्नई के गेंदबाज हावी दिखे। पावरप्ले में ही दिल्ली ने 2 विकेट गंवा दिए और सिर्फ 37 रन ही बना सकी। इसके बाद मिडिल ओवर्स में भी टीम कुछ खास नहीं कर पाई। 7 से 15 ओवर के बीच 3 विकेट खोकर सिर्फ 60 रन ही जोड़ पाई। आखिरी ओवरों में थोड़ा हाथ खोला और 16 से 20 ओवर के बीच 2 विकेट खोकर 58 रन बना लिए। इसी वजह से दिल्ली की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन ही बना पाई, जो कि एक अच्छे या मजबूत स्कोर से थोड़ा कम ही रहा।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने LSG को धो डाला, 44 गेंद में 84 रन ठोक लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
दिल्ली की तरफ से इम्पैक्ट प्लेयर बनकर बल्लेबाजी करने आए समीर रिजवी ने सबसे ज्यादा नाबाद 40 रन ठोके। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 रन की बढ़िया पारी खेली। बाकी कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। वहीं चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने 2 विकेट झटके। उनके अलावा जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह को 1-1 विकेट मिला।
CSK की पारी
छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई ने काफी संभलकर शुरुआत की। पावरप्ले में टीम ने 1 विकेट खोकर 44 रन बनाए। इसके बाद मिडिल ओवर्स में बल्लेबाजों ने हाथ खोल दिए। 7 से 15 ओवर के बीच चेन्नई ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 82 रन ठोक दिए। फिर डेथ ओवर्स में टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 33 रन और जोड़ दिए। इस तरह चेन्नई ने 17.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सिर्फ 2 विकेट खोकर 159 रन बना डाले। इसके साथ CSK ने 15 गेंदें बाकी रहते 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच घर लौटे फिल सॉल्ट, RCB के लिए दोबारा खेलेंगे या नहीं?
चेन्नई की तरफ से संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा नाबाद 87 रन बनाए। उनके अलावा कार्तिक शर्मा ने भी नाबाद 41 रन की अच्छी पारी खेली। वहीं दिल्ली की ओर से अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी को 1-1 विकेट मिला। बाकी सारे गेंदबाजों की जमकर धुनाई हो गई।
दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ क्वालिफिकेशन सीनारियो
IPL में प्लेऑफ में आसानी से पहुंचने के लिए आमतौर पर 16 अंक माने जाते हैं। हालांकि कई बार 14 अंक वाली टीमें भी नेट रन रेट के दम पर क्वालिफाई कर जाती हैं। दिल्ली की बात करें तो 10 मैचों के बाद उसके पास अभी सिर्फ 8 अंक हैं। अब उसके पास 4 मैच और बचे हैं। ऐसे में प्लेऑफ में सीधा पहुंचने के लिए दिल्ली को अपने सभी चारों मैच जीतने होंगे, ताकि उसके कुल 16 अंक हो जाएं।
यह भी पढ़ें: 'पहले लगता था कोई बहुरूपिया आया है...' पूरन की बैटिंग देख रैना ने क्या कह दिया?
अगर दिल्ली कम से कम 3 मैच जीत लेती है तो उसके 14 अंक हो जाएंगे। हालांकि ऐसी स्थिति में टीम को दूसरे टीमों के नेट रन रेट पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं अगर दिल्ली 3 से भी कम मैच जीत पाती है तो फिर उसके लिए प्लेऑफ की चाह खत्म हो जाएगी।
