मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने सोमवार (4 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ गदर काट दिया। रोहित ने 229 रन के चेज में 44 गेंद में 84 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने अपने IPL करियर में पहली बार किसी पारी में इतने छक्के लगाए। रोहित ने रायन रिकलटन के साथ 143 रन की साझेदारी की, जो MI के लिए IPL में चौथी सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही।
रोहित-रिकलटन ने किया धुआं-धुआं
वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर LSG ने 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में MI को जिस शुरुआत की जरूरत थी, रोहित-रिकलटन ने वैसा ही आगाज किया। दोनों ने पावरप्ले में 77 रन बटोरे। रिकलटन आतिशी बल्लेबाजी कर रहे थे, रोहित दूसरे छोर पर शांत खड़े थे। वह अपनी पहली 11 गेंद में 12 रन ही बना सके थे। रोहित ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में आवेश खान को राडार पर लिया और लगातार दो चौके जड़ने के बाद बैक टू बैक छक्के उड़ाए।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच घर लौटे फिल सॉल्ट, RCB के लिए दोबारा खेलेंगे या नहीं?
चोट से वापसी कर रहे रोहित अब रंग में आ चुके थे। उन्होंने फील्ड खुलने के बाद एएम सिद्धार्थ को लॉन्ग ऑन के ऊपर से भेजा। रिकलटन भी कहां पीछे रहने वाले थे। इस साउथ अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज ने स्ट्राइक मिलते ही सिद्धार्थ की फुल टॉस गेंद पर फाइन लेग के ऊपर से छक्का लगा दिया। अगले ओवर में रिकलटन ने आवेश के खिलाफ छक्का जड़ा और फिर सिंगल लेकर 22 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। रोहित भी जल्द ही पचासा तक पहुंचे। उन्होंने सिद्धार्थ के खिलाफ छक्का जड़कर स्टाइल में अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 27 गेंद ली, जो IPL में उनकी चौथी सबसे तेज फिफ्टी रही।
यह भी पढ़ें: फंस गई थी LSG, इस अनजान खिलाड़ी ने संभाली पारी, कौन हैं हिम्मत सिंह?
IPL में रोहित शर्मा के सबसे तेज अर्धशतक
- बनाम KKR - 23 गेंद, वानखेड़े, 2026
- बनाम CSK - 25 गेंद, कोलकाता, 2015 फाइनल
- बनाम KXIP - 26 गेंद, मोहाली, 2008
- बनाम LSG - 27 गेंद, वानखेड़े, 2026
रोहित-रिकलटन ने बनाया रिकॉर्ड
रोहित और रिकलटन की सलामी जोड़ी ने 10.5 ओवर में 143 रन की पार्टनरशिप की। रोहित-रिकलटन के बीच तीसरी बार शतकीय साझेदारी हुई, जिससे वे MI के लिए सबसे ज्यादा 100 प्लस रन की पार्टनरशि करने वाली जोड़ी बन गए। रिकलटन 32 गेंद में 83 रन जड़कर मोहसिन खान का शिकार बने। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के निकले। उनके जाने के बाद रोहित ने मोर्चा संभाला और आउट होने से पहले MI को मुकाबले में काफी आगे कर दिया। उनका जब विकेट गिरा, उस समय MI को 36 गेंद में सिर्फ 52 रन की जरूरत थी, जिसे बाकी बल्लेबाजों ने 28 गेंद में ही बना दिए। MI ने 6 विकेट से यह मुकाबला जीत अपने सबसे बड़े रन चेज को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: 'पहले लगता था कोई बहुरूपिया आया है...' पूरन की बैटिंग देख रैना ने क्या कह दिया?
IPL में MI के लिए सबसे ज्यादा बार 100 प्लस पार्टनरशिप
- रोहित शर्मा और राया रिकलटन - 3 बार
- रोहित शर्मा और ईशान किशन - 3 बार
- पार्थिव पटेल और लेंडल सिमंस - 3 बार
- अंबाती रायडू और सचिन तेंदुलकर - 2 बार