logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'पहले लगता था कोई बहुरूपिया आया है...' पूरन की बैटिंग देख रैना ने क्या कह दिया?

लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन ने 4 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उनकी बैटिंग देख सुरेश रैना ने कुछ ऐसा कह दिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Pooran IPL 2026

मुंबई इंडियंस के खिलाफ छक्का जड़ते निकोलस पूरन, Photo Credit: IPL/X

शेयर करें

google_follow_us

खराब फॉर्म से जूझ रहे निकोसल पूरन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सोमवार (4 मई) को अपना पुराना रूप दिखाया। वानखेड़े स्टेडियम में नंबर-3 पर उतरे लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के इस विध्वंसक बल्लेबाज ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ महज 21 गेंद में 300 के स्ट्राइक रेट से 63 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 8 छक्के उड़ाए।

 

पूरन इससे पहले 8 पारियों में 10.25 की औसत से 82 रन ही बना सके थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट महज 81.18 का ही था। इतने खराब प्रदर्शन के बावजूद पूरन को लगातार खिलाने पर LSG मैनेजमेंट सवालों के घेरे में था लेकिन पूरन ने फिर से साबित किया कि वह क्या कर सकते हैं। उन्होंने 16 गेंद में अपना पचासा पूरा किया।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बीच घर लौटे फिल सॉल्ट, RCB के लिए दोबारा खेलेंगे या नहीं?

पूरन ने ठोकी दूसरी सबसे तेज फिफ्टी

LSG के लिए डेब्यू कर रहे जोश इंग्लिस के आउट होने के बाद तीसरे ओवर में क्रीज पर उतरे पूरन ने पहली 3 गेंद पर 3 रन बनाए। उन्होंने पांचवें ओवर में विल जैक्स को राडार पर लिया और उनके खिलाफ 3 छक्के जड़े। इसके बाद पूरन ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में एएम गजनफर पर चौका और छक्के जड़ा और फिर ओवर की समाप्ति छक्के का साथ की। उन्होंने पावरप्ले में महज 12 गेंद में 39 रन ठोके।

 

पूरन रौद्र रूप अपना चुके थे। फील्ड खुलने के बाद भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने कॉर्बिन बॉश के खिलाफ सातवें ओवर में गगनदायी छक्का जड़ा। इसके बाद पूरन ने दीपक चाहर के खिलाफ आठवें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर आतिशी अर्धशतक पूरा किया, जो इस सीजन का दूसरा सबसे तेज पचासा रहा। 

 

यह भी पढ़ें: LSG के खिलाफ MI ने चुनी बैटिंग, रोहित शर्मा की वापसी; हार्दिक पंड्या बाहर

रैना का कॉमेंट वायरल

अब तक एक-एक रन के लिए जूझ रहे पूरन को इस अंदाज में बैटिंग करते देख जियोहॉटस्टार के लिए कॉमेंट्री कर रहे सुरेश रैना ने कहा, 'अब असली पूरन आए हैं। पहले लगता था कि कोई बहुरूपिया आया है।' पूरन की तारीफ में किया गया रैना का यह कॉमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

रैना इस ओर इशारा कर रहे थे कि पूरन पहले 8 मैचों में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। लग ही नहीं रहा था कि यह वही पूरन हैं, जिनसे गेंदबाज खौफ खाते थे। वह 100 के स्ट्राइक रेट से भी रन नहीं बना पा रहे थे। हालांकि MI के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने पूरी स्क्रिप्ट पलट दी और आतिशी पारी खेल LSG को तूफानी शुरुआत दिलाई।


और पढ़ें