रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें जब शुक्रवार (22 मई) को अपने IPL 2026 के आखिरी मैच में आमने-सामने होंगी, तो दोनों की कोशिश टॉप-2 में जगह बनाने की होगी। RCB अभी पॉइंट्स टेबल में 18 पॉइंट्स लेकर टॉप पर है और 10 टीमों में उसका नेट रन रेट 1.065 सबसे अच्छा है। शुक्रवार को वह विशाल अंतर से नहीं हारती है, तो वह नंबर-1 पर ही फिनिश करेगी, जिससे उसे फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे।
SRH 13 मैचों में 16 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। उसके पास 18 पॉइंट्स तक जाने का मौका है। SRH यहां तक पहुंच जाती है, तब भी वह टॉप-2 में नहीं फिनिश कर पाएगी, क्योंकि RCB के साथ-साथ गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट उससे काफी बेहतर है। ऐसे में उसे टॉप-2 में जगह बनाने के लिए RCB को बड़े अंतर से हराना होगा।
यह भी पढ़ें: गुजरात टाइटंस ने धमाकेदार जीत से ठोका टॉप-2 का दावा, CSK प्लेऑफ से बाहर
फॉर्म में है RCB
रजत पाटीदार की अगुवाई में RCB ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। विस्फोटक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के मेल से RCB ने लगातार दूसरे सीजन में खुद को खिताब के दावेदार के तौर पर साबित किया है। करिश्माई खिलाड़ी विराट कोहली ने टॉप ऑर्डर में अपनी निरंतरता को नए सिरे से परिभाषित करना जारी रखा है और 13 मैचों में 542 रन बनाए हैं। वहीं, देवदत्त पडिक्कल का सीजन भी अच्छा रहा है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने भी RCB की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
भुवनेश्वर इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक रहे हैं और नई गेंद से लगातार कमाल दिखाते रहे हैं। हेजलवुड ने अहम मौकों पर असरदार स्पेल डाले हैं।
कृणाल पंड्या ने भी अपने हरफनमौला प्रदर्शन से प्रभावित किया है और विविधता भरी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया है। लेग-स्पिनर सुयश शर्मा और ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने भी योगदान दिया है। RCB की टीम इस सीजन में उतार-चढ़ाव देखने वाली SRH के खिलाफ प्रबल दावेदार के तौर पर मैदान में उतरेगी।
यह भी पढ़ें: CSK के मैच विनर ने ही डूबो दी टीम की नैया, IPL में बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
SRH की खतरनाक है बल्लेबाजी
SRH ने जब लगातार पांच मैच जीते तो ऐसा लग रहा था कि उसने लय वापस हासिल कर ली है लेकिन पिछले चार में से दो मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पैट कमिंस ब्रिगेड के पास इस टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजी लाइन-अप में से एक है। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी ने अहम मौकों पर उन्हें नुकसान पहुंचाया है। टीम की हाल की हार की वजह बल्लेबाजी में रही कमियां थीं और टीम उम्मीद करेगी कि नॉक-आउट स्टेज में जाने से पहले वह इन कमियों को दूर कर ले।
SRH के लिए सकारात्मम पहलू यह है कि कप्तान पैट कमिंस के नेतृत्व और कुछ युवा तेज गेंदबाजों के अच्छा करने से उसे काफी मनोबल मिला है। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा इस सीजन के स्टार खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने दबाव में भी लगातार विकेट लिए हैं और किफायती गेंदबाजी की है। चोट से वापसी करने के बाद से कमिंस ने खुद गेंदबाजी युनिट में और भी ज्यादा जोश और नियंत्रण ला दिया है, जिससे SRH को गेंदबाजी की रणनीति में भी ज्यादा स्पष्टता और धार मिली है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम डार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी
सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे
