इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 66वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया। गुरुवार (21 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में GT ने 89 रन से धमाकेदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर GT ने CSK के सामने 230 रन का टारगेट रखा था, जिसका पीछा करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई। इस हार के बाद CSK प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।
GT के सामने नहीं टिक पाई CSK
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी GT को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 125 रन की ओपनिंग साझेदारी की। गिल ने 37 गेंद में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 64 रन की पारी खेली। उनका विकेट स्पेंसर जॉनसन ने चटकाया। गिल के आउट होने के बाद सुदर्शन और जोस बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 36 गेंद में 82 रन की आतिशी पार्टनरशिप हुई, जिससे GT ने 4 विकेट खोकर 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सुदर्शन ने 53 गेंद में 84 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। बटलर ने 27 गेंद में 57 रन ठोके। उनके बल्ले से 5 चौके और 4 छक्के निकले।
यह भी पढ़ें: CSK के मैच विनर ने ही डूबो दी टीम की नैया, IPL में बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
बल्लेबाजों के कमाल के बाद GT के गेंदबाजों ने कहर बरपाया और पावरप्ले में ही CSK के 4 विकेट गिरा दिए। मोहम्मद सिराज ने संजू सैमसन (0), ऋतुराज (16) और उर्विल पटेल (0) के विकेट झटके तो कैगिसो रबाडा ने मैथ्यू शॉर्ट (24) को चलता किया। फील्ड खुलने के बाद कार्तिक शर्मा (19) को गिल ने डायरेक्ट हिट पर रन आउट किया। 63 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद CSK की हार तय हो चुकी थी। शिवम दुबे ने 17 गेंद में 47 रन की पारी खेली लेकिन वह सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन ही कर पाए। CSK ने अपने आखिरी 4 विकेट सिर्फ 4 रन बनाने में गंवा दिए और वह शर्मनाक तरीके से IPL 2026 से बाहर हुई। GT की ओर से सिराज, रबाडा और राशिद खान ने 3-3 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: गिल-सुदर्शन का फिर चला बल्ला, कोहली-गेल के वर्ल्ड रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
...तो टॉप-2 में फिनिश करेगी GT?
GT ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। उसके पास 14 मैचों के बाद 18 पॉइंट्स हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास 16 पॉइंट्स हैं और वह तीसरे पायदान पर है। कल (21 मई) RCB और SRH की टक्कर होने वाली है। अगर SRH इस मुकाबले में बड़ी जीत नहीं हासिल करती है, तो GT टॉप-2 में फिनिश करेगी, क्योंकि उसका नेट रन रेट पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम से काफी बेहतर है। टॉप-2 में रहने से GT को फाइनल खेलने के लिए दो मौके मिलेंगे।