इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-51 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें करो या मरो की स्थिति में हैं। DC अपने बचे हुए सभी मैच जीतकर 16 पॉइंट्स तक पहुंच सकती है, जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी होंगे। वहीं KKR के पास 17 पॉइंट्स तक जाने का मौका है। 

 

अगर आज (8 मई) KKR हारती है तो उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे पूरी तरह से बंद नहीं होंगे लेकिन उसकी राह मुश्किल हो सकती है। वहीं DC हारती तो उसका सफर लगभग खत्म हो सकता है, क्योंकि अब 14 पॉइंट्स के साथ टॉप-4 में फिनिश करना नामुमिकन जैसा है।

 

यह भी पढ़ें: 7 पारियां और रन सिर्फ 33... दिल्ली कैपिटल्स की कमजोरी बन गए हैं अक्षर पटेल

आंकड़े किसके पक्ष में हैं?

DC और KKR के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। KKR ने 19 मुकाबले जीते हैं, वहीं DC ने 15 मैचों में बाजी मारी है। एक मैच बेनतीजा रहा है। पिछले तीन मुकाबलों में KKR ने 3-0 से एकतरफा बढ़त बनाया हुआ है। DC ने KKR को आखिरी बार IPL 2023 में हराया था।

वरुण के सामने फंस जाते हैं KL

DC के स्टार ओपनर केएल राहुल का सुनील नारायण के खिलाफ 151 का स्ट्राइक रेट है लेकिन वरुण चक्रवर्ती के सामने वह फंस जाते हैं। वरुण के खिलाफ राहुल का स्ट्राइक रेट गिरकर 102 पर आ जाता है। राहुल ने मौजूदा सीजन में DC के 26 प्रतिशत रन बनाए हैं। वह एक छोर संभालकर रख रहे हैं। साथ ही पहले की तुलना में तेज रन भी जुटा रहे हैं। आज के मुकाबले में वरुण के खिलाफ वह कैसा खेलते हैं, इस पर सबकी निगाहें रहेंगी।

 

यह भी पढ़ें: IPL पर मंडरा रहा हनी ट्रैप का खतरा! BCCI ने टीमों को क्यों आगाह किया?

रहाणे के खिलाफ कुलदीप का अच्छा है रिकॉर्ड

KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे खराब दौर से गुजर रहे हैं और आज भी उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मिचेल स्टार्क के खिलाफ 6 टी20 में वह सिर्फ 133 के स्ट्राइक रेट से 44 रन ही बना पाए हैं और एक बार आउट हुए हैं। अगर वह पावरप्ले में स्टार्क को झेल भी जाते हैं तो मिडिल ओवर्स में कुलदीप यादव उन्हें तंग करेंगे। कुलदीप ने रहाणे को 5 पारियों में दो बार चलता किया है। इस दौरान रहाणे सिर्फ 70 के स्ट्राइक रेट से ही रन बना पाते हैं।