पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान शकील अम्माद बट बुधवार को अपने देश के राष्ट्रीय महासंघ की जमकर आलोचना की। ऑस्ट्रेलिया के उथल-पुथल भरे दौरे से लौटने के बाद उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान उनकी टीम को होटल में बुकिंग नहीं होने के कारण सड़कों पर भटकना पड़ा। साथ ही मैच खेलने के लिए जाने से पहले बर्तन भी धोने पड़े। शकील बट के बयान के बाद पाकिस्तानी राष्ट्रीय महासंघ की थू-थू हो रही है। 

 

बट ने बुधवार की सुबह लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ उनसे झूठ बोल रहा था। उन्होंने कहा कि अब पानी सिर के ऊपर से बाहर चला गया है। बट ने कहा, 'हम महासंघ के मौजूदा प्रबंधन के रहते हुए खेलना जारी नहीं रख सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले रसोई साफ करनी पड़ती है और बर्तन धोने पड़ते हैं तो आप हमसे कैसे अच्छे परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं?'

 

दरअसल, इससे पहले सरकारी स्वामित्व वाले पाकिस्तान खेल बोर्ड ने यह पुष्टि की थी कि उसने ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रीय हॉकी टीम के होटल में ठहरने की व्यवस्था के लिए पाकिस्तान हॉकी महासंघ को एक करोड़ से अधिक पाकिस्तानी रुपये दिए थे। इसके बाद पाकिस्तान हॉकी महासंघ को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है। 

 

यह भी पढ़ें: 67 साल में पहली बार..., बंगाल को हराकर रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा J&K

होटल में नहीं किया था भुगतान

पाकिस्तान हॉकी टीम को कैनबरा जाने वाली अपनी अगली फ्लाइट से पहले सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इससे भी अधिक चिंताजनक खबरें तब सामने आईं जब टीम एफआईएच प्रो लीग मैचों से पहले अपने होटल में पहुंची थी। खिलाड़ियों को बताया गया कि उनकी कोई बुकिंग नहीं है क्योंकि होटल को किसी तरह का अग्रिम भुगतान नहीं किया गया था।

सड़कों पर भटकते रहे खिलाड़ी

हॉकी खिलाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और होटल की व्यवस्था होने से पहले वे सड़कों पर भटकते रहे। अगले दिन दोपहर को उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना था, जिसमें टीम 2-3 से हार गई। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पाकिस्तान ने मेजबान टीम के अलावा जर्मनी के खिलाफ भी मैच खेले लेकिन वह सभी मैच हार गया। 

 

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया की तरह पाकिस्तान भी होगा बाहर? जान लीजिए मैच कहां देखना है

13 दिन रुकना था, 10 दिन का दिया किराया

बट ने कहा, 'सबसे दुखद बात यह थी कि एयरबीएनबी ने केवल 10 दिन के लिए होटल बुक किया था, जबकि हमें 13 दिन तक रुकना था। दस दिन के बाद हमें एक सस्ते होटल में रुकना पड़ा।' पीएसबी के महानिदेशक नूर उस सबाह ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और वह एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। शरीफ पीएचएफ के मुख्य संरक्षक हैं।

 

बट ने खुलासा किया कि पीएचएफ ने खिलाड़ियों को चेतावनी दी थी कि अगर वे मीडिया से बात करेंगे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया में हमने जो कुछ झेला है उसी के चलते मैं अपनी बात कह रहा हूं। अगर हमें आगे बढ़ना है तो हमें विदेशी कोच की जरूरत है। हमारे पास अच्छे खिलाड़ी हैं लेकिन हमें एक विदेशी कोच और अच्छे प्रबंधन की जरूरत है।'