मिजोरम के रणजी क्रिकेटर के लालरेमरूआटा का एक लोकल मैच के दौरान मैदान पर गिरने के बाद निधन हो गया है। लालरेमरूआटा महज 38 साल के थे। उन्होंने मिजोरम के लिए 2 रणजी मैच और 7 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच खेले थे। उन्होंने 2018 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था और आखिरी मैच 2022 में खेला था। वह मिजोरम के लोकल क्रिकेट सर्किट में काफी ऐक्टिव थे।

 

बुधवार को वह सेकंड डिवीजन टूर्नामेंट में वेंगनुई रेडर्स क्रिकेट क्लब (VRCC) की ओर से खेल रहे थे। मैच के दौरान अचानक वह मैदान पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन वह नहीं बच पाए। जानकारी के मुताबिक, लालरेमरूआटा को हार्ट अटैक आया था, जिससे उनकी जान चली गई।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं नदीन डी क्लर्क, जिन्होंने RCB को हारी बाजी जीता दी?

BCCI ने जताया दुख

लालरेमरूआटा के निधन के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड बोर्ड (BCCI) ने गहरा दुख जताया। BCCI ने ट्वीट कर लिखा कि बोर्ड उनके परिवार, दोस्त और मिजोरम क्रिकेट कम्युनिटी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

 

यह भी पढ़ें: WPL 2026 के पहले दिन ही टूटा बड़ा रिकॉर्ड, मुंबई इंडियंस की गेंदबाज ने रचा इतिहास

मिजोरम क्रिकेट एसोसिएशन (CAM) ने भी लालरेमरूआटा के निधन पर दुख व्यक्त किया। CAM एक बयान में कहा, 'उनके परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। भगवान उन्हें इस बड़ी क्षति से उबरने की ताकत दे।'

मिजोरम में क्रिकेट को आगे बढ़ाने में अहम रहा योगदान

लालरेमरूआटा ने मैदान पर खेलने के अलावा पर्दे के पीछे से भी मिजोरम में क्रिकेट को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया। वह क्रिकेट प्रशासन में शामिल थे और उन्होंने जमीनी स्तर पर क्रिकेट के विकास के लिए काम किया।

 

मिजोरम के खेल और युवा सेवा मंत्री लालघिंगलोवा हमार ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा, 'मैं लालरेमरूआटा की दुखद मौत से बहुत दुखी हूं। वह एक क्रिकेट मैच के दौरान गिर गए थे। इस मुश्किल समय में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और खेल जगत के सदस्यों के साथ हैं।'