मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच शुक्रवार की रात खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के पहले मुकाबले मुकाबले में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। डीवाई पाटिल स्टेडियम में आखिरी गेंद डाले जाने तक नहीं पता था कि ऊंट किस करवट बैठेगा। साउथ अफ्रीका की नदीन डी क्लर्क ने इस सासें रोक देने वाले मुकाबले में RCB को चमत्कारिक जीत दिलाई। उन्होंने मैच के आखिरी ओवर की अंतिम 4 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के लगाकर MI के जबड़े से जीत छीन ली।
MI के 154 रन के जवाब में RCB ने धमाकेदार शुरुआत के बाद 65 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। ग्रेस हैरिस, कप्तान स्मृति मंधाना और ऋचा घोष जैसी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुकी थीं। छठे नंबर पर उतरीं डी क्लर्क ने अरुंधती रेड्डी (25 गेंद में 20 रन) के साथ मिलकर RCB को 100 के पार पहुंचाया और फिर अकेले मोर्चा संभालते हुए RCB को जीत दिलाकर ही दम लिया। RCB को आखिरी 6 गेंद पर 18 रन की जरूरत थी।
डी क्लर्क ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर सिंगल नहीं लिया। दूसरी गेंद डॉट रही। इसके बाद उन्होंने 6, 4, 6 और फिर आखिरी गेंद को चौके के लिए भेजकर अविश्वसनीय अंदाज में RCB का खाता खोल दिया। डी क्लर्क ने 44 गेंद में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन बनाए। इससे पहले गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके थे। वह WPL के इतिहास में दीप्ति शर्मा (2024) के बाद एक ही मैच में 4 विकेट हॉल और अर्धशतक जड़ने वाली दूसरी खिलाड़ी बनीं।
यह भी पढ़ें: WPL 2026 के पहले दिन ही टूटा बड़ा रिकॉर्ड, मुंबई इंडियंस की गेंदबाज ने रचा इतिहास
डी क्लर्क ने हाल ही में टीम इंडिया को दिया था दर्द
25 साल की डी क्लर्क अपनी मीडियम पेस बॉलिंग और फिनिशिंग क्षमता के लिए जानी जाती हैं। WPL 2026 के ऑक्शन में उन्हें RCB ने 65 लाख रुपये में खरीदा था। इससे पहले उनके पास एक ही WPL मैच का अनुभव था। उन्होंने WPL 2024 में RCB की ओर से ही यह मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए थे। पिछले सीजन वह MI के स्क्वॉड का हिस्सा थीं।
RCB ने इस सीजन के लिए हुए ऑक्शन में डी क्लर्क के ODI वर्ल्ड कप फॉर्म को देखते हुए दांव लगाया। इस साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर ने महिला वनडे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत की मुट्ठी से जीत छीन ली थी। टीम इंडिया ने विशाखापट्टनम में 251 रन बनाए थे, जिसका पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 142 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे।
आठवें नंबर उतरीं डी क्लर्क ने 54 गेंद में नाबाद 84 रन की हैरतअंगेज पारी खेल 48.5 ओवर में ही साउथ अफ्रीका को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। बांग्लादेश के खिलाफ अगले मुकाबले में भी उन्होंने साउथ अफ्रीकी टीम को हार से बचाया था। उन्होंने पूरे वर्ल्ड कप में 208 रन बनाने के अलावा 9 विकेट झटके थे।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में पैदा हुआ लड़का भारत के खिलाफ खेलेगा, क्या है आदित्य अशोक की कहानी?
सुनहरा है इंटरनेशनल करियर
इस महीने की 16 तारीख को 26 साल की होने जा रहीं नदीन डी क्लर्क ने साउथ अफ्रीका के लिए तीनों फॉर्मेट में अब तक 132 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। उन्होंने 17 साल की उम्र में ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर लिया था। डी क्लर्क ने 4 टेस्ट मैचों में 114 रन और 4 विकेट, वहीं 58 ODI में 934 रन बनाने के साथ 68 विकेट चटकाए हैं। टी20I में उनके नाम 70 मैचों में 667 रन दर्ज हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 52 विकेट लिए हैं।