विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का फाइनल दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच वडोदरा में खेला जा रहा है। खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर DC ने 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया है। यह WPL के फाइनल में सबसे बड़ा टोटल है। DC की कप्तान जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 37 गेंद में 8 चौकों की मदद से 57 रन की पारी खेली। वहीं लॉरा वुलफार्ट ने पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट होने से पहले 25 गेंद में 44 रन ठोके। शिनेल हेनरी ने महज 15 गेंद का सामना किया और 4 चौके और 2 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 35 रन जड़े।
इससे पहले लिजेल ली और शेफाली वर्मा ने 49 रन की ओपनिंग साझेदारी कर मजबूत स्कोर की नींव रखी। शेफाली 13 गेंद में 20 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुईं। उनके जाने के कुछ देर बाद लिजेल ली भी चलती बनीं। उन्होंने 30 गेंद में 37 रन बनाए।
72 के स्कोर पर दूसरा विकेट गिरने के बाद वुलफार्ट और जेमिमाह ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी कर DC को 150 के करीब पहुंचाया और फिर वुलफार्ट-हेनरी की तगड़ी फिनिश ने टीम को मैच विनिंग टोटल तक पहुंचा दिया। लॉरेन बेल को छोड़कर RCB की सभी गेंदबाज कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाईं, जिसके चलते 2024 की विजेता टीम को खिताब मुकाबले में पहाड़ समान टारगेट मिला है।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेशी हमारे भाई, हमें सपोर्ट... T20 WC में पाकिस्तानी कप्तान का बड़बोलापन
WPL में सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड क्या है?
WPL के इतिहास में सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड 202 रन है। यह कारनामा RCB ने ही किया है। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली टीम ने यह रिकॉर्ड चेज WPL 2024 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ किया था। संयोग की बात है कि मैदान वडोदरा का कोटाम्बी स्टेडियम ही था। आज देखना है कि RCB उस करिश्मे को दोहरा पाती है या नहीं। हालांकि ध्यान देने वाली बात है कि WPL नॉक आउट में बड़े टारगेट नहीं चेज होते हैं।
यह भी पढ़ें: 2 हार के साथ शुरुआत, अब फाइनल खेलेगी दिल्ली कैपिटल्स, जीत का सीक्रेट क्या है?
नॉक आउट में सबसे सफल रन चेज 169 है, जिसे दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले मैच में ही एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स के खिलाफ अंजाम दिया था। फाइनल की बात करें तो सबसे सफल चेज 132 है। ऐसे में RCB को दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए ऐतिहासिक रन चेज को अंजाम देना होगा।
