भारतीय महिला टीम ने रविवार (28 दिसंबर) को तिरुवनंतपुरम में खेले गए चौथे टी20 मैच में श्रीलंका को 30 रन से हरा दिया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 2 विकेट के नुकसान पर 221 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर श्रीलंका को 191 रन पर रोक दिया। भारत की जीत में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष और वैष्णवी शर्मा स्टार रहीं।
स्मृति ने 48 गेंद में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 80 रन की पारी खेली। वहीं शेफाली ने 46 गेंद में 79, जबकि ऋचा घोष ने 16 गेंद नाबाद 40 रन ठोके। युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए। स्मृति के लिए यह मुकाबला यादगार रहा। उन्होंने अपनी पारी के दौरान महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,000 रन पूरे किए।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में 2 दिन भी नहीं चल रहे टेस्ट मैच, फिर भी पिच 'वेरी गुड' कैसे?
सबसे तेज दस हजारी बनीं स्मृति
स्मृति को 10 हजार रन पूरे करने के लिए 27 रन की जरूरत थी। उन्होंने भारतीय पारी के सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर सिंगल लेकर दस हजारी क्लब में एंट्री मारी। स्मृति इंटरनेशनल क्रिकेट में यह मुकाम हासिल करने वाली चौथी महिला खिलाड़ी बनीं। उनसे पहले मिताली राज, चार्लोट एडवर्ड्स और सूजी बेट्स ने यह कारनामा किया था। स्मृति इन सभी से कम पारियों में 10 हजार रन तक पहुंचीं।
बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति 280वीं पारी में इस जादुई आंकड़े को छुआ, जो मिताली राज से 11 पारियां कम हैं। यानी मिताली 291 पारियों में यहां तक पहुंची थीं। वहीं एडवर्ड्स और बेट्स अपनी-अपनी 300वीं पारी में दस हजारी बनी थीं।
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
- मिताली राज (भारत) - 10,868 रन
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 10,652 रन
- चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) - 10,273 रन
- स्मृति मंधाना (भारत) - 10, 053 रन
यह भी पढ़ें: तिरंगे वाली जर्सी... पाकिस्तान ने अपने कबड्डी खिलाड़ी को बैन क्यों कर दिया?
स्मृति ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
29 साल की स्मृति ने सबसे तेज दस हजारी बनने के अलावा महिला क्रिकेट में एक कैलेंडर में सबसे ज्यादा रन बनाने के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। इस साल उनके रनों की संख्या 1703 पहुंच गई है। पिछले साल उन्होंने 1659 रन बनाए थे।
