पल्लेकेले के मैदान पर आज (12 फरवरी) को श्रीलंका और ओमान की टीमें पहली बार इस फॉर्मेट में एक-दूसरे के सामने होंगी। श्रीलंका ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को पटखनी दी थी लेकिन इस मुकाबले से पहले उन्हें वनिंदु हसरंगा के रूप में एक बड़ा झटका लगा है, जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
दूसरी तरफ, ओमान की टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली करारी हार को भुलाकर वापसी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम की बल्लेबाजी पिछले मैच में पूरी तरह फ्लॉप रही थी, ऐसे में कप्तान जतिंदर सिंह पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: कोलंबो की पिच पर भारत से क्यों मजबूत नजर आ रहा है पाकिस्तान?
पिच और मौसम का हाल
पल्लेकेले की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है लेकिन जैसे-जैसे खेल बढ़ेगा, स्पिनर्स अपनी फिरकी का जादू दिखा सकते हैं।
बल्लेबाजों के लिए भी यहां रन बनाने के मौके रहेंगे। हालांकि, फैंस के लिए थोड़ी चिंता की बात यह है कि कैंडी में बारिश की 65% संभावना है, जिससे मैच में खलल पड़ सकता है।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी सबकी नजर
श्रीलंका के कुसल मेंडिस और कामिल मिशारा बल्लेबाजी में शानदार फॉर्म में हैं, वहीं गेंदबाजी में दुश्मंथा चमीरा से विकेटों की उम्मीद होगी।
ओमान के विनायक शुक्ला और जतिंदर सिंह पर रन बनाने का दारोमदार होगा, जबकि गेंदबाजी में सुफयान महमूद श्रीलंका के लिए खतरा बन सकते हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन
श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दुनिथ वेलालागे, दूषण हेमंथा, दुश्मंथा चमीरा, महेश तीक्षाना और मथीशा पथिराना।
ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला, सुफयान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल और शकील अहमद।
यह भी पढ़ें: WI vs ENG: रदरफोर्ड के तूफान में उड़े अंग्रेज, वेस्टइंडीज की लगातार दूसरी जीत
कहां और कैसे देखें?
यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार सुबह 11:00 बजे शुरू होगा। टीवी पर आप इसे स्टार स्पोर्ट्स पर देख सकते हैं और मोबाइल पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप पर उपलब्ध होगी।
