इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का आमना-सामना हो रहा है। न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे इस मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने छक्कों की बारिश कर दी है। वैभव ने 4 ओवर के खेल में ही 8 छक्के उड़ा दिए हैं। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस के खिलाफ छक्का जड़कर इसकी शुरुआत की और फिर दूसरे ओवर का समापन भी इसी अंदाज में किया। इसके बाद उन्होंने तीसरे ओवर में कमिंस को लगातार 3 छक्के ठोके।

 

वैभव ने चौथे ओवर में साकिब हुसैन को छक्के के लिए भेज क्रिस गेल के एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इस युवा सनसनी ने साकिब की पांचवीं गेंद पर वाइड लॉन्ग के ऊपर से छक्का जड़ा और गेल का महारिकॉर्ड तोड़ दिया। इस छक्के के साथ वैभव के IPL 2026 में 60 छक्के हो गए। गेल ने IPL 2012 में 59 छक्के मारे थे। उनका यह रिकॉर्ड 14 साल से अटूट था, जो आज (27 मई) वैभव के तूफान में ध्वस्त हो गया।

 

यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या ने डिलिट किया अपना इंस्टाग्राम अकाउंट? CSK में जाने की हैं अटकलें

एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के

  • वैभव सूर्यवंशी (2026) - 60 छक्के*
  • क्रिस गेल (2012) - 59 छक्के
  • आंद्रे रसेल (2019) - 52 छक्के
  • क्रिस गेल (2013) - 51 छक्के
  • जोस बटलर (2022) - 45 छक्के

16 गेंद में फिफ्टी ठोक बनाया यह रिकॉर्ड

वैभव ने गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद साकिब की अगली गेंद पर भी छक्का जमाया और 16 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जो IPL प्लेऑफ इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक रहा। वैभव ने इस मामले में सुरेश रैना के रिकॉर्ड की बराबरी की। रैना ने IPL 2014 के क्वालिफायर 2 में किंग्स XI पंजाब के खिलाफ 50 रन के आंकड़े को पार करने के लिए इतनी ही गेंदें ली थीं।

 

यह भी पढ़ें: क्या ट्रोल होने की वजह से अर्शदीप ने डिलीट किए 200 पोस्ट? सस्पेंस बरकरार

गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

बाएं हाथ के विध्वंसक ओपनर वैभव पावरप्ले की समाप्ति तक 20 गेंद में 60 रन बना चुके थे। उन्होंने सातवें ओवर की आखिरी दो गेंद पर चौका और छक्का जड़ बता दिया कि वह फील्ड खुलने के बाद भी धीमा नहीं पड़ने वाले हैं। वैभव ने अगले ओवर की दूसरी गेंद पर स्ट्राइक मिलने के बाद प्रफुल्ल हिंगे को छक्का लगाया और फिर लगातार दो चौके चड़े, जिसमें से एक नो-बॉल पर आया। वैभव इसके बाद फ्री-हिट पर छक्का लगाकर नाइंटीज में आ चुके थे। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद को भी छक्के के लिए भेजा और अब वह सबसे तेज IPL शतक के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब खड़े थे। वह 28 गेंद में 97 रन बनाकर खेल रहे थे। 

 

गेल ने 2013 सीजन में 30 गेंद में शतक लगाया था, जिसे तोड़ने के लिए वैभव को बाउंड्री की जरूरत थी। वैभव ने हिंगे की पटकी हुई बाहर की गेंद पर अपर कट लगाकर शतक पूरा करना चाहा लेकिन वह डीप थर्ड पर लपक लिए गए। वह 29 गेंद में 97 रन की यादगार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी इस आतिशी पारी के दौरान 5 चौके और 12 छक्के लगाए।