विमेंस प्रीमियर लीग का 18वां मुकाबला गुरुवार (29 जनवरी) को यूपी वॉरियर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में RCB ने 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। RCB को 144 रन का टारगेट मिला था, जिसे उसने 13.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लगातार दो हार का सिलसिला तोड़ा। टीम की ओर से ग्रेस हैरिस ने 37 गेंद में 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 75 रन की पारी खेली। वहीं कप्तान स्मृति मंधाना 27 गेंद में 54 रन बनाकर नाबाद लौटीं। स्मृति ने अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए।
RCB ने इस बड़ी जीत के साथ ही नंबर-1 पर अपनी जगह पक्की कर ली और वह डायरेक्ट फाइनल में पहुंच गई। WPL में टेबल टॉपर टीम को खिताबी मुकाबले का टिकट मिल जाता है, वहीं दूसरी फाइनलिस्ट टीम को एलिमिनेटर खेलकर आना पड़ता है। RCB ने 2024 में एलिमिनेटर से होते हुए फाइनल में जगह बनाई थी और दिल्ली कैपिटल्स को हराकर पहली बार खिताब जीता था।
यह भी पढ़ें: जिस यूक्रेन की खिलाड़ी ने नहीं मिलाया हाथ, उसे सबालेंका ने किया बाहर
पहली बार WPL फाइनल में नहीं दिखेंगी लैनिंग
ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज कप्तान मेग लैनिंग ने दिल्ली कैपिटल्स को पहले तीन WPL फाइनल में एंट्री दिलाई थी। इस सीजन उन्हें यूपी वॉरियर्स की कमान मिली। हालांकि इस टीम के साथ लैनिंग का जादू नहीं चला। यूपी वॉरियर्स की टीम लगातार तीसरे सीजन लीग स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी और इस तरह लैनिंग पहली बार WPL फाइनल का हिस्सा नहीं होंगी।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड पिकलबॉल लीग सीजन 2 में कितने मैच होने हैं, लाइव कहां दिखेगा? सब कुछ जानिए
RCB के खिलाफ मुकाबले की बात करें तो यूपी वॉरियर्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था। लैनिंग (30 गेंद में 41 रन) और दीप्ति शर्मा (43 गेंद में 55 रन) ने पहले विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। 9वें ओवर में लैनिंग के आउट होते ही यूपी वॉरियर्स की पारी बिखर गई और वह गिरते पड़ते 143/8 के स्कोर तक ही पहुंच सकी, जो नाकाफी था।
