उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां मुख्तार अंसारी से जुड़े शूटर शोएब उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका नाम लखनऊ जेलर हत्याकांड में सामने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात को असैनी मोड़ के नजदीक अंजाम दिया गया है।

 

बदमाश पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। जब वहां शोएब पहुंचा तो ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। शोएब मुहम्मदाबाद का रहने वाला था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में अगर तारिक रहमान PM बने तो भारत और हिंदुओं से कैसे होंगे रिश्ते?

 

पुलिस के मुताबिक वारदात को अयोध्या हाईवे पर असैनी मोड़ के करीब अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने अंजाम दिया। बॉबी लखनऊ में जिला जेल अधीक्षक आरके तिवारी हत्याकांड में संदिग्ध था। साल 1999 में लखनऊ में राजभवन के करीब दिनदहाड़े हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस की जांच में बॉबी का नाम भी सामने आया था।

लखनऊ से लौट रहा था बॉबी

बॉबी लखनऊ से अपनी कार से बाराबंकी लौट रहा था। पहले से ही घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसकी कार को रोकी और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घायलावस्था में उसे एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक बॉबी के खिलाफ पांच मामले दर्ज है। वह हत्या, जबरन वसूली और संगठित अपराधों में आरोपी था।

 

यह भी पढ़ें: छात्रा से रेप किया, 40 हजार भी वसूले; भोपाल कांड में नया खुलासा

गैंगवार के एंगल से हो रही जांच

हत्याकांड के बाद पुलिस ने बाराबंकी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आपसी रंजिश और गैंगवार के एंगल से मामले की जांच की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि वारदात की साजिश पहले से ही रची गई थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है।