समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर पुलिस पर घूसखोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कथित तौर पर अपनी सुरक्षा में हुई चूक का मुद्दा उठाते हुए पुलिस को घेरा है। अखिलेश यादव ने शनिवार को डीएसपी प्रमोद शुक्ला को जमकर खरी खोटी सुनाई थी। उन्होंने डीएसपी से पूछ लिया कि यात्रा में खूब धक्का खाते रहे ले, पुलिस सुरक्षा कहां थी?

अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि उनकी यात्रा में पुलिसकर्मी कहीं नहीं थी। उन्होंने यूपी पुलिस पर तंज कसते हुए कहा कि हथेली गरम और पुलिस नरम। अखिलेश यादव ने तंज भरे लहजे में कहा कि क्या पुलिस बिना हथेली गरम किए सुरक्षा नहीं देगी। उन्होंने अधिकारी से पूछ लिया कि कप्तान से पूछ लो कि कितने में हथेली गरम होगी। 

यह भी पढ़ें: पासी के बाद पाल पर है अखिलेश यादव का फोकस, 2027 में यही दिलाएंगे सत्ता?

 

अखिलेश यादव ने क्या आरोप लगाए हैं?

अखिलेश यादव, सुरक्षा के इंतजाम को लेकर भड़क गए। उन्होंने कहा, 'पुलिस का इंतजाम की नहीं किया बताओ इस कार्यक्रम में। एक कार्यक्रम में मैंने पुलिस नहीं देखी। यह पहला जिला है, हमारे कार्यक्रम में पुलिस नहीं है। क्यों कितनी पुलिस लगाई तुमने? धक्का खाते रहे हम लोग।'

अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी:-
पुलिस कमीशन ले रही है। हथेली गरम, पुलिस नरम। बताओ हमें भी हथेली गरम करनी पड़ेगी अपनी सुरक्षा के लिए। बताओ, अगली बार कर देंगे इंतजाम। तुम्हारे कप्तान साहब बता दें कि कितने में हथेली गरम होगी। यह व्यवहार है इनका। यह सरकार जाने वाली है।

 

यह भी पढ़ें: ‘संघ की शाखा में जाकर सीखें’, योगी आदित्यनाथ ने दी अखिलेश यादव को नसीहत

पुलिस ने अखिलेश के आरोप पर क्या कहा?

प्रमोद शुक्ला, फतेहपुर, DSP:-
बोर्ड परीक्षा चल रही है। ज्यादातर पुलिस, परीक्षा केंद्रों पर तैनात है। अखिलेश यादव की सुरक्षा में फिर भी 300 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। अगर कहीं पर उन्हें कम पुलिस दिखी हो तो यह बात वह खुद ही बता सकते हैं कि उनके साथ धक्का-मुक्की कहां हुई है। हमने पूरी सुरक्षा दी है।

यह भी पढ़ें: 'दबदबा था, दबदबा है..', अखिलेश यादव ने अपनी PC में यह गाना क्यों बजवा दिया?

क्या अखिलेश यादव की सुरक्षा में चूक हुई थी?

फतेहपुर में कई जगह अखिलेश यादव का कार्यक्रम तय था। डीएसपी प्रमोद शुक्ला ने कहा कि 6 जगहों पर 7 थानों के SHO और 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में आ गए, भीड़ ज्यादा हो गई, फिर भी पुलिस तैनात थी। अव्यवस्था नहीं होने पाई है।