राजस्थान के अजमेर जिले में एक नाले से डांसर सुनील राव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मौत से पहले सुनील राव ने इंस्टाग्राम पर अपने दुख और दर्द को जाहिर किया था। कुछ दिनों पहले उनकी कीमती चीजें और गहने चोरी हो गए थे। लगातार कोशिश के बावजूद पुलिस उनकी चीजों का पता नहीं लगा पाई थी जिसके चलते वह परेशान चल रहे थे। सुनील के परिवार ने हत्या की आशंका भी जताई है। फिलहाल पुलिस मौत की वजह को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है। 

 

क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रोड के पास बने एक नाले में शव देखा गया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में पुलिस ने शव की पहचान 30 साल डांसर सुनील राव के रूप में की। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने मिलकर शव को नाले से बाहर निकाला और उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मौत का कारण पानी में डूबना बताया जा रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का है।

 

यह भी पढ़ें - श्रीनगर में 25 साल बाद हुई ऐसी बर्फबारी, एयरपोर्ट ठप, 11 फ्लाइट्स कैंसिल

कौन थे सुनील राव?

सुनील राव एक पेशेवर डांसर थे। वह कई कार्यक्रमों में महिलाओं जैसी ड्रेस पहनकर डांस करते थे। उनकी डांस प्रस्तुति को लोग काफी पसंद करते थे और समाज के विभिन्न लोगों से उन्हें सराहना मिलती थी। डांस के कारण वह सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हो गए थे। इंस्टाग्राम पर उनके 51 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे, जिससे वह एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर भी बन चुके थे।

 

मौत से पहले किया था दुखद पोस्ट

मौत से पहले सुनील राव ने सोशल मीडिया पर कई भावुक पोस्ट किए थे। इन पोस्ट में उन्होंने अपने जीवन के दुखों का जिक्र किया था। सुनील ने लिखा था कि उनके साथ बहुत बुरा हुआ है और उनकी जिंदगी भर की कमाई चोरी हो गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस से उन्हें कोई मदद नहीं मिली और चोरी हुए जेवर अब तक बरामद नहीं हो सके। इन बातों को लेकर सुनील काफी परेशान और दुखी नजर आ रहे थे।

 

यह भी पढ़ें - राहुल गांधी को डरपोक बताने वाले शकील को जान का खतरा? घर पर बढ़ाई गई सुरक्षा

 

क्या सुनील ने की आत्महत्या?

मौत के बाद सुनील के परिजन ने बताया, 'वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। चोरी के मामले को लेकर वह लगभग रोज थाने के चक्कर काट रहे थे, इस उम्मीद में कि उनके जेवर मिल जाएंगे।' उनके परिजन का कहना है कि पुलिस कार्रवाई से निराश होकर सुनील काफी टूट चुके थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं मानसिक तनाव और चिंता के कारण उन्होंने आत्महत्या तो नहीं की।

क्या सुनील की हत्या हुई?

मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब परिजन और दोस्तों ने हत्या की आशंका जताई। दोस्तों का कहना है कि सुनील को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। वहीं, सुनील के भाई का आरोप है कि जेवर चोरी की शिकायत के बाद सुनील को लगातार धमकियां मिल रही थीं और उन पर एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था।


परिजन के मुताबिक, इन धमकियों के चलते सुनील डर और तनाव में रहने लगे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।