उत्तर प्रदेश के झांसी के बरुआसागर इलाके में 18 फरवरी की शाम मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद मातम में बदल गया। इंदीवर नगर में एक गैस चूल्हे की दुकान पर केवल 30 रुपये की पेमेंट को लेकर दुकानदार और एक आदमी के बीच बहस हो गई। इसके बाद बहस इतनी बढ़ गई कि उसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस गहमागहमी को देख जब पड़ोस में रहने वाले 42 साल के विनोद साहू बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर चाकू से वार कर दिया। 

 

गंभीर रूप से घायल विनोद को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।

 

यह भी पढ़ें: असम में BJP के दो सोशल मीडिया प्रभारी पर क्यों दर्ज हो गया केस?

विवाद की पूरी कहानी

घटना की शुरुआत तब हुई जब कृष्णा बरार नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ पवन राय की दुकान पर छोटा सिलेंडर भरवाने पहुंचा। दुकानदार के मुताबिक, सिलेंडर में 30 रुपये की ज्यादा गैस भर गई थी। जब उन्होंने इन पैसों की मांग की तो कृष्णा और उसके दोस्त भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।

 

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने दुकानदार के पिता के साथ धक्का-मुक्की तक कर दी। साथ ही दुकान में रखे फावड़े के बेंत से हमला करना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा होने लगे।

बीच-बचाव में विनोद की हत्या

पड़ोस में रहने वाले विनोद साहू उस वक्त अपनी बेटी के साथ वहीं मौजूद थे। भीड़ और झगड़ा देख वह बीच-बचाव करने गए और मामला शांत कराने के लिए आगे बढ़े लेकिन हमलावर इतने गुस्से में थे कि उन्होंने विनोद के पेट में चाकू घोंप दिया। दुकानदार पवन राय ने कहा कि विनोद का इस झगड़े से कोई लेना-देना नहीं था। वह तो बस लड़ाई रोकने के लिए आए थे।

 

यह भी पढ़ें: मियां-बीवी निकले ड्रग तस्कर, दिल्ली बॉर्डर पर 7.5 करोड़ की हेरोइन संग गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। सिटी SP प्रीति सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी कृष्णा बरार की पहचान हो चुकी है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।