दिल्ली के विवेक विहार में रविवार सुबह एक आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है। यह दावा किया जा रहा है कि अचानक एसी में धमाका हुआ, जिसके बाद 6 फ्लैट इसकी जद में आ गए। पुलिस हादसे में मारे गए लोगों को तलाश रही है। बचाव टीमें मौके पर सक्रिय हैं।
पुलिस ने बताया है कि विवेक विहार इलाके में सुबह करीब 3:48 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग इमारत के दूसरे, तीसरे और चौथे मंजिल पर लगी। आग तेजी से फैल गई और कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें: बिल्डर, सोसायटी या बैंक, आग में जल गया फ्लैट तो कौन देगा पैसे? अपने अधिकार जानिए
15 लोगों की जान बचाई गई
फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। 10 से 15 लोगों को बचाया गया, जिनमें से दो को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीरेंद्र सचदेवा, प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी:-
दुखद घटना है। लगभग 20 लोगों की जान बचाई गई है। 9 लोग हताहत हुए हैं। घटना की जांच की जाएगी।
उपराज्य ने क्या कहा है?
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने X पर लिखा, 'विवेक विहार में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ। मेरी दुआएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस भयानक हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि घायलों को सभी जरूरी मेडिकल मदद दी जाए, साथ ही प्रभावित लोगों को तुरंत राहत और मदद दी जाए। दिल्ली फायर सर्विस के कर्मचारी और इमरजेंसी टीमें मौके पर हैं और हालात को संभालने के लिए लगातार काम कर रही हैं।'
यह भी पढ़ें: रेगिस्तान की तपती धूप में आग जलाकर प्रदर्शन क्यों कर रहे साधु-संत?
फायर अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने में पांच घंटे से ज्यादा समय लगा। इमारत के भीतर रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद मुश्किल था। अब तक 9 लाशें बरामद हुईं हैं। शाहदारा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि बचाव कार्य अभी भी चल रहा है। आगे की जांच जारी है। आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्या कहा है?
रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली:-
विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।
रेखा गुप्ता ने कहा, 'स्थानीय प्रशासन, DDMA, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।'
