महाराष्ट्र के नासिक में दैवीय शक्तियों का दावा कर लोगों को ठगने वाले अशोक खरात के काले कारनामों की परतें अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में खुलने लगी हैं। मंगलवार, 7 मई को ED ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नासिक के विश्वास को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में खरात और उनकी पत्नी कल्पना खरात के नाम पर दर्ज बैंक लॉकर को खोला। इस दौरान जांच अधिकारियों के भी होश उड़ गए जब लॉकर के भीतर से भारी मात्रा में सोना और विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
एजेंसी की इस छापेमारी में करीब 1.10 करोड़ रुपये के सोने के गहने, 5,500 अमेरिकी डॉलर और कई दूसरी कीमती चीजें बरामद हुई हैं। ED अब अशोक खरात की बेहिसाब संपत्ति और इन महंगी चीजों को खरीदने में इस्तेमाल हुए पैसों के स्रोत की गहराई से जांच कर रही है। इससे पहले भी जांच एजेंसी खरात और उसके करीबियों से जुड़े कई बैंक खाते और लॉकर सील कर चुकी है।
यह भी पढ़ें: न्योता में नहीं जाएंगे? ऑर्केस्ट्रा नाच पर सवाल पूछा तो गाली दे बैठे अनंत सिंह
अलग-अलग लोगों के नाम पर खुलवाए खाते
ED की जांच में अशोक खरात की एक बड़ी चालाकी भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, खरात ने नासिक की दो सहकारी क्रेडिट सोसायटियों में दर्जनों बैंक खाते खुलवा रखे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि ये सभी खाते उसके नाम पर न होकर अलग-अलग तीसरे पक्ष के नाम पर थे। हालांकि, इन सभी बेनामी खातों में अशोक खरात ने खुद को नॉमिनी बना रखा था, ताकि बैंक में जमा रकम पर अंतिम अधिकार उसी का रहे। एजेंसी को शक है कि ठगी से कमाए गए करोड़ों रुपये इसी तरह अलग-अलग खातों में खपाए गए हैं।
फिलहाल ED अशोक खरात की चल और अचल संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रहा है। बैंक ट्रांजेक्शन की गहन जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध तरीके से जुटाई गई इस रकम का निवेश कहां-कहां किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में खरात के कुछ अन्य करीबी और सफेदपोश लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने बेनामी खाते खुलवाने में उसकी मदद की। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
यह भी पढ़ें: जेल की अफसर को कैदी से हुआ प्यार, फिरोजा खातून और धर्मेंद्र ने कर ली शादी
खरात पर महिलाओं से ठगी और शोषण के आरोप
अशोक खरात की गिरफ्तारी के पीछे की कहानी बेहद खौफनाक है। आरोपी खुद को आध्यात्मिक शक्तियों का स्वामी बताकर भोली-भाली महिलाओं और आर्थिक रूप से परेशान लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस जांच के अनुसार, वह समस्याओं के समाधान और चमत्कार का झांसा देकर महिलाओं का यौन शोषण करता था और लोगों से मोटी रकम ऐंठता था। इसी आपराधिक पृष्ठभूमि के आधार पर अब ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर उसकी आर्थिक कमर तोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।
