पश्चिम बंगाल में जहां एक तरफ विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, वहीं दूसरी तरफ राज्य में अपराध के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। पिछले दिनों हावड़ा में एक व्यस्त सड़क पर एक शख्स को गोली मारकर हत्या कर दी गई। सड़क पर गोलीबारी की वजह से अफरा-तफरी मच गई। इस सनसनीखेज हत्या ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और राज्य सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी बढ़ गए हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग देखने को मिल रही है।

 

गोलीबारी की यह घटना बुधवार सुबह की है, जहां तीन आरोपियों ने एक शख्स पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी। यह घटना सड़क के पास मौजूद सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मृत व्यक्ति का नाम शफीक खान है, जिसकी उम्र 27 साल थी। शफीक खान रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। पुलिस ने जल्द ही मामले पर काबू पाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन कराने वाली दो बहनें गिरफ्तार, लड़कियों को देती थीं नौकरी का झांसा

सड़क पर मारी गोली

यह घटना हावड़ा के पिलखाना इलाके की है। जहां सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा जा सकता है कि तीन लोग पहले सड़क पर टहल रहे हैं, फिर मौका देखकर पिस्तौल निकालते हैं और शफीक खान पर गोली चला देते हैं। गोली लगते ही शफीक खान सड़क पर गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आरोपी उसी समय वहां से फरार हो गए।

 

तीनों आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच के मुताबिक मोहम्मद बिलाल (36) उर्फ रिंकू, मोहम्मद वकील (32) उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन (32) इस मामले के आरोपी हैं। फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि हत्या किस वजह से की गई। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को इन आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश किया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'सड़क ठीक कराओ या टोल हटाओ', टूटी रोड से परेशान होकर टोल प्लाजा पर चला दी गोली

सियासी जंग तेज

इस मामले के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद छिड़ गया है। विपक्षी दल बीजेपी ने आरोप लगाया है कि 'आरोपी सत्ताधारी दल के करीबी हैं।' सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर एक व्यक्ति टीएमसी के विधायक के साथ दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी विधायक की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा नजर आ रहा है।


इन आरोपों के बाद टीएमसी की मंत्री शशि पांजा ने कहा, 'इस मामले के आरोपी और मृतक दोनों ही पार्टी के प्रमोटर थे, जो आपस में दुश्मन थे। इस घटना से पार्टी का कोई संबंध नहीं है।'