दिल्ली के कश्मीरी गेट में स्थित मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास 24 फरवरी यानी मंगलवार की रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक कार को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। हैरानी की बात यह है कि इस कार में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की वकील के पति दीपक खत्री और उनके कुछ साथी सवार थे। इस हमले में कार में मौजूद एक व्यक्ति को गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक, हमला रात करीब 10:15 बजे हुआ।
बाइक पर आए तीन हमलावरों ने पीछे से कार का पीछा किया और कम से कम चार गोलियां चलाईं। इस हमले में संदीप नाम के एक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी है, जो एक एनजीओ में काम करते हैं और दीपक खत्री के साथ ही मौजूद थे। गनीमत यह रही कि हमले के वक्त वकील खुद कार में मौजूद नहीं थीं।
यह भी पढ़ें: यूनिवर्सिटी मेस में इफ्तार का इंतजाम नहीं हुआ तो किया बवाल, VC ने दिया इस्तीफा
क्या है पूरा मामला?
घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों और पीड़ितों के बयानों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे। उन्होंने कार को पीछे से घेरा और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले के बाद के वीडियो में देखा जा सकता है कि कार के पीछे का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है।
गोली लगने से घायल हुए संदीप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि वे दीपक खत्री के सहयोगी हैं।
यह भी पढ़ें: विपक्षी नेता से मिलने पर पंजाबी सिंगर की सुरक्षा हटाई, AAP सरकार पर लगे आरोप
पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी विरोधी गैंग ने करवाया है।
इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हमले का असली मकसद क्या था।
