उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दुष्कर्म के एक आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम उपदेश है। आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और उसके पैर में जा लगी। आरोपी काम से लौट रही एक महिला के साथ बलात्कार किया था। आरोपी पेशे से ऑटो ड्राइवर है, लखनऊ पुलिस उसे वारदात के बाद से ही तलाश रही थी।
आरोपी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। आरोपी के साथी मोहित को भी पुलिस तलाश रही है। पुलिस मोहित की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की है। अभी तक कोई अहम सुराग हासिल नहीं हुआ है। यह मामला, लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की मेडिकल जांच पूरी हो गई है।
यह भी पढ़ें: बकरीद की दावत के बहाने बुलाकर 3 दोस्तों ने किया दलित युवक का रेप, हो गए गिरफ्तार
ड्यूटी से लौटते समय हुई थी वारदात
निगोहां थाना क्षेत्र में बुधवार को पीड़िता ने रंजीतखेड़ा निवासी ऑटो चालक उपदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एक मॉल में काम करती है। 31 मई की शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद वह घर जाने के लिए तेलीबाग चौराहे से एक ऑटो में सवार हुई थी।
आरोप है कि ऑटो में चालक उपदेश और उसका एक साथी पहले से मौजूद थे। रास्ते में अन्य सवारियों को उतारने के बाद आरोपी महिला को सुनसान इलाके में स्थित खेड़ा जंगल ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
यह भी पढ़ें: बड़े भाई को कुल्हाड़ी से मार दिया था, उसकी मौत हुई तो खुद भी दे दी जान
चेकिंग के दौरान हुआ एनकाउंटर
गुरुवार देर रात निगोहां पुलिस कुशमोरा रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ऑटो लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में उपदेश के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एडीसीपी आर. बसंत कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
अब तक फरार है दूसरा आरोपी
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पूछताछ में उसके साथी मोहित का नाम भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
