महाराष्ट्र के सतारा जिले में 28 साल की महिला डॉक्टर की आत्महत्या का मामला बढ़ता जा रहा है। महिला डॉक्टर ने गुरुवार को आत्महत्या कर ली थी। उसने अपनी हथेली पर सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि एक पुलिस वाले ने उसका रेप किया और एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।


महिला बीड जिले की रहने वाली थी और सतारा की फलटन तहसील के एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर थी। उसने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।


अपनी हथेली पर उसने सुसाइड नोट भी लिखा था। इसमें उसने आरोप लगाया था कि एक एसआई ने कई महीनों तक उसके साथ रेप किया। वहीं, एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। अब इस मामले में पुलिस ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एसआई को सस्पेंड कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें-- बाइक को टक्कर मारी और भाग गईं! कन्नड़ ऐक्ट्रेस दिव्या सुरेश पर FIR दर्ज

क्या है पूरा मामला?

महिला डॉक्टर बीड जिले की रहने वाली थी। गुरुवार रात को उसने फलटन के एक होटल के कमरे में फांसी लगा ली थी। 


डॉक्टर ने अपनी हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में आरोप लगाया था कि सब-इंस्पेक्टर गोपाल बडाने ने कई बार उसका रेप किया और उसे सेक्सुअली हैरास किया। वहीं, सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बनकर ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।

 

 

डॉक्टर की चाची प्रयागा मुंडे ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, 'वह बहुत होशियार थी। हमने बचपन से ही उसको पाला-पोसा था। उसकी पढ़ाई-लिखाई का पूरा ध्यान रखा था। वह काम के प्रेशर में थे, इसलिए उसने यह कदम उठाया। दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।'


एक दूसरी रिश्तेदार ने कहा, 'अभी दो दिन पहले ही उसने बताया था कि अस्पताल में सीनियर उसे प्रताड़ित करते थे।'

 

यह भी पढ़ें: आंखों की रोशनी गई तब जागा प्रशासन, कार्बाइड गन पर बवाल की पूरी कहानी

एसआई सस्पेंड, इंजीनियर गिरफ्तार

मामले में सतारा पुलिस ने दोनों के खिलाफ रेप और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बनकर को पुणे से गिरफ्तार किया गया है और उसे अब फलटन लाया जा रहा है। वहीं, मामले में नाम सामने आने के बाद एसआई गोपाल बडाने को सस्पेंड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सतारा के एसपी तुषार दोषी को एसआई गोपाल बडाने को सस्पेंड करने का आदेश दिया था।

 

यह भी पढ़ें: झूले वाले से झगड़ा, पहली पत्नी से विवाद, क्या है SDM छोटू शर्मा की कहानी?

मामले पर सियासत भी शुरू

डॉक्टर की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने आरोप लगाया कि फडणवीस सरकार महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम रही है।


शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता सुषमा अंढारे ने इस मामले की जांच के लिए एक SIT का गठन करने की मांग की है। महाराष्ट्र विधान परिषद की डिप्टी चेयरपर्सन नीलम गोरहे ने कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है। उन्होंने सीएम फडणवीस को चिट्ठी लिखकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

 

वहीं, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मेघना बोर्डिकर ने कहा कि उन्होंने सतारा के सिविल सर्जन से बात की और उन्होंने बताया है कि महिला डॉक्टर ने कभी भी किसी भी तरह की प्रताड़ना को लेकर शिकायत नहीं की थी। 


महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि इस मामले की हर तरह से जांच की जाएगी। सतारा जिले से आने वाले पर्यावरण मंत्री शंभूराज देसाई ने भी मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करने का भरोसा दिलाया है।