उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। स्वॉट और सर्विलांस टीम ने मिलकर कार्रवाई की और लोहियानगर क्षेत्र के अल्लीपुर इलाके में एक मकान के तहखाने में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस रेड में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभी इस केस में मुख्य आरोपी समेत कुल 10 लोग फरार चल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए घर के अंदर बैठ के नीचे तहखाना बना रखा था।
यह मामला लोहियानगर थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर का है। यहां किराए के एक कमरे में तहखाना बनाकर यह अवैध फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अल्लीपुर गांव में एक मकान में हथियार बनाए जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने रेड की और मामले का खुलासा हुआ। मौके से 11 तैयार पिस्टल, 12 मैगजीन और हथियार बनाने का सामान बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: रेलवे ट्रैक पर धमाका और एक लाश, पंजाब के पटियाला में आखिर क्या हुआ?
तीन महीने से चल रही थी फैक्ट्री
पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री पिछले तीन महीनों से चल रही थी। इस फैक्ट्री से ऑन-डिमांड हथियार तैयार कर अपराधियों तक पहुंचाए जा रहे थे। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हिरोह ने हाल ही में 150 से ज्यादा अवैध पिस्टलों की सप्लाई की है। पुलिस अब इन हथियारों के खरीदारों की पहचान कर रही है और उन्हें भी मामले में शामिल करने की तैयारी कर रही है।
तहखाने में थी हर सुविधा
इस तहखाने का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से बैठ के नीचे से तहखाने में जाने का रास्ता बनाया गया है। पुलिस से बचने के लिए बड़ी चालाकी से तहखाना बनाया गया था और इस तहखाने को चालाकी से तैयार किया गया था। इसमें हथियार बनाने के सामान के लिए जगह, एग्जॉस्ट सिस्टम और लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी ताकि आसानी से और बिना किसी परेशानी के हथियार बनाए जा सकें।
यह भी पढ़ें: 'हमला करना होता हम बहुत जगह कर सकते थे...', बंगाल में प्रचार खत्म, बयानबाजी जारी
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड अल्लीपुर गांव में रहने वाला रहीमुद्दीन पुत्र सद्दीक बताया जा रहा है। इस फैक्ट्री से चंद कदमों की दूरी पर ही रहीमुद्दीन का भी मकान है। हालांकि, वह अभी फरार है और पुलिस अभी उसकी तलाश कर रही है। आरोप है कि उसने ही यह नेटवर्क खड़ा किया और गांव के कुछ लोग जोड़े। इसके बाद खतौली, मुरादाबाद, मोदीनगर, बागपत, शामली जैसे जनपदों से भी हथियार तस्करों को जोड़ा। पुलिस की इस कार्रवाई में 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य सरगना सहित 10 अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी फरार आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
