बीजेपी के सीनियर नेता और मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को महिलाओं को लेकर एक बयान दिया है, जो चर्चा में आ गया है। आर्थिक राजधानी इंदौर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि उन्हें छोटे कपड़े पहनने वाली लड़कियां बिल्कुल अच्छी नहीं लगती। साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि महिलाएं देवी का रूप होती हैं।

 

कैबिनेट मंत्री विजयवर्गीय पश्चिमी और भारतीय सभ्याता को लेकर बात कर रहे थे। उन्होंने पश्चिमी संस्कृति का हवाला देते हुए कहा, 'पश्चिम देशों में कम कपड़े पहनने वाली महिला को सुंदर माना जाता है। मैं इससे सहमत नहीं हूं। भारत में हम एक लड़की को तब सुंदर मानते हैं, जब वह अच्छे कपड़े पहनती है, गहने पहनती है और खुद को सुंदर ढंग से संवारती है।'

 

यह भी पढ़ें: HSSC ने युवाओं को दी फर्जी पोर्टल से बचने की सलाह, दिए खास निर्देश

छोटे कपड़ों की तुलना नेताओं के भाषणों से 

उन्होंने छोटे कपड़ों की तुलना नेताओं के छोटे भाषणों से करते हुए कहा, 'मेरा मानना ​​है कि महिलाओं को भारतीय परिधान में सुंदर कपड़े पहनने चाहिए, क्योंकि हमारी संस्कृति में इसे बहुत महत्व दिया जाता है। लेकिन कुछ अन्य दूसरे देशों में, जो महिलाएं कम कपड़े पहनती हैं, उन्हें अक्सर फैशनेबल माना जाता है। सरल शब्दों में कहें तो, जो महिलाएं कम कपड़े पहनती हैं, वे उन राजनेताओं की तरह हैं जो कम भाषण देते हैं लेकिन दोनों में ही तत्त्व नहीं होता।'

 

'फोटो खिंचवाने से मना कर देता हूं'

विजयवर्गीय ने कहा, 'मैं महिलाओं को देवी के रूप में देखता हूं और उन्हें अच्छे कपड़े पहनने चाहिए। मुझे ऐसी महिलाएं या लड़कियां पसंद नहीं हैं जो खुले कपड़े पहनती हैं, इस हद तक कि मैं उनके साथ फोटो खिंचवाने से भी मना कर देता हूं।'

 

यह भी पढ़ें: 100 की स्पीड में गुटखा थूकने के लिए खोला कार का गेट! 1 की मौत; 3 घायल

पहले भी दे चुके हैं महिलाओं पर बयान

बता दें कि कैलाश विजयवर्गीय महिलाओं पर टिप्पणी करने को लेकर पहले भी चर्चाओं में रहे हैं। कपड़ों को लेकर वह महिलाओं को शूपर्णखा भी कह चुके हैं। साल 2022 में इंदौर में ही हनुमान जन्मोत्सव पर एक कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने कहा था कि मैं हनुमान जन्मोत्सव पर झूठ नहीं बोलूंगा। हम महिलाओं को देवी मानते हैं लेकिन आजकल महिलाएं ऐसे गंदे कपड़े पहनती हैं जो देवी की तरह नहीं दिखतीं। वे शूपर्णखा जैसी दिखती हैं। भगवान ने उन्हें सुंदर शरीर दिया है। कम से कम वो अच्छे कपड़े तो पहनें और बच्चों को संस्कार सिखाएं।