उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की एक मुस्लिम महिला इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस बार कांवड़ यात्रा में बिजनौर की तमन्ना नाम की मुस्लिम महिला ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। महाशिवरात्रि से पहले तमन्ना कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
तमन्ना की कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की है। कुछ हिंदू संगठन के लोग भी उनके साथ चल रहे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जानकारी के अनुसार तमन्ना हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगी। फिलहाल वह गंगाजल लेकर अपने शहर लौट रही हैं। उनके साथ कई अन्य श्रद्धालु भी हैं।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़: 27 साल पहले ऐसा क्या हुआ था कि भिड़ गए थे शिया-सुन्नी? 12 दोषी करार
तमन्ना के साथ कितने कांवड़िए?
तमन्ना की इस कांवड़ यात्रा में लगभग 100 से अधिक लोग शामिल हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कई लोग ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप करते हुए कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। उन्हीं श्रद्धालुओं के बीच तमन्ना भी कंधे पर कांवड़ रखे चल रही हैं।
तमन्ना बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा पर निकली हैं, इसलिए लोग उन्हें उत्सुकता से देख रहे हैं। कई श्रद्धालु खुशी के मारे उन पर फूल बरसा रहे हैं। विशेष रूप से महिलाएं उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए 10, 20, 50 या 100 रुपये देकर उनका हौसला बढ़ा रही हैं।
हिंदू संगठनों ने किया समर्थन
तमन्ना की भक्ति भावना देखकर कई लोग उनका समर्थन कर रहे हैं। पुलिस के साथ-साथ कुछ हिंदू संगठन के सदस्य भी उनकी सुरक्षा का ध्यान रख रहे हैं। यात्रा के दौरान संगठन के लोग उनके साथ चल रहे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो। कुल मिलाकर अनेक लोगों ने उनकी श्रद्धा की सराहना की है।
यह भी पढ़ें: यूपी में 16 साल के छात्रों मिलेगा ड्राइविंग लाइसेंस, परिवहन मंत्री ने किया ऐलान
जल किस मंदिर में चढ़ाया जाएगा?
तमन्ना मलिक ने बताया कि वह कई वर्षों से कांवड़ियों को कांवड़ लाते देखती थीं और उन्हें यह देखकर अच्छा लगता था। इसी प्रेरणा से इस बार उन्होंने स्वयं कांवड़ यात्रा करने का निर्णय लिया। वे गंगाजल को संभल स्थित झेमनाथ शिव मंदिर में स्वयं चढ़ाएंगी और भगवान भोलेनाथ से अपने तथा सभी लोगों के सुख, शांति और कल्याण की कामना करेंगी।
