संजय सिंह, पटना: बिहार की राजधानी पटना स्थित जन सुराज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी ने दिल्ली में हुए चर्चित पांडव कुमार हत्याकांड को लेकर बिहार सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में अब तक बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सहायता नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बिहारी होना अपराध है?

 

मनोज भारती ने जानकारी दी कि जन सुराज पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करेगा। यह प्रतिनिधिमंडल पांडव कुमार हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करेगा। इसके साथ ही राज्य से जुड़े पांच महत्वपूर्ण जन मुद्दों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: पंजाब के CM भगवंत मान के भाई बीजेपी में शामिल हुए लेकिन कांग्रेस इतनी खुश क्यों?


जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि दिल्ली में हुई इस घटना ने सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि देश और विदेश में रहने वाले बिहारवासियों के बीच भी गहरी चिंता पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि बाहर राज्यों में काम करने वाले बिहारी युवाओं की सुरक्षा को लेकर सरकारों को गंभीरता से सोचना होगा। ऐसी घटनाएं लगातार यह संदेश दे रही हैं कि प्रवासी बिहारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है।

 राज्य सरकार को बनानी होगी नीति

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को ऐसी घटनाओं में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए एक स्थायी और प्रभावी नीति बनानी चाहिए, ताकि राज्य से बाहर रहकर काम करने वाले लोगों को यह भरोसा मिल सके कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। जन सुराज पार्टी ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें निष्पक्ष जांच, त्वरित न्याय, पीड़ित परिवार को मुआवजा, प्रवासी बिहारियों की सुरक्षा नीति और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय व्यवस्था शामिल है।

 

यह भी पढ़ें: SP सांसद ने PM मोदी को ऐसा क्या बोल दिया, जो भड़क गए CM योगी? जमकर हो रहा बवाल

 

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक किशोर कुमार ने कहा कि पांडव कुमार हत्याकांड बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सात सदस्यीय शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देगा और सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में जल्द न्याय नहीं मिला तो बिहारवासियों के बीच असुरक्षा और आक्रोश और बढ़ेगा।

 

किशोर कुमार ने कहा कि जन सुराज पार्टी इस मुद्दे को केवल राजनीतिक दृष्टि से नहीं बल्कि सामाजिक और मानवीय दृष्टिकोण से उठा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के नागरिक को दूसरे राज्य में भय और असुरक्षा के माहौल में नहीं जीना चाहिए।