पंजाब में राजनीति हलचल उस समय तेज हो गई जब भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी में सेंध लगाने के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान के घर में ही सेंध लगा दी। भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने कल हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और पंजाब बीजेपी प्रधान सुनील जाखड़ की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी में उनके साथ कई अन्य नेता भी शामिल हुए। भले ही ज्ञान सिंह मान बीजेपी में शामिल हुए हैं लेकिन उनके बीजेपी में जाने से कांग्रेस पार्टी और खासकर पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा काफी खुश हैं।
पंजाब कांग्रेस के नेता ज्ञान सिंह के बीजेपी में जाने से इसलिए खुश हैं क्योंकि उन्हें सीएम भगवंत मान के मजाक का करारा जवाब मिल गया है। कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रताप सिंह बाजवा के छोटे भाई फतेहजंग सिंह बाजवा ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद से ही प्रताप सिंह बाजवा पंजाब के सीएम भगवंत मान के निशाने पर थे।
जब फतेहजंग सिंह बाजवा ने भारतीय जनता का दामन थामा तो उनके बड़े भाई प्रताव सिंह बाजवा भगवंत मान के निशाने पर आ गए। दोनों भाई अपने पुश्तैनी घर में रहते हैं। इस घर में लोगों से मिलने के लिए बनाए गए वेटिंग रूम में दोनों भाई लोगों से मिलते हैं लेकिन एक बीजेपी के कार्यकर्ताओं से तो एक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मीटिंग करते हैं। घर के ऊपर बीजेपी और कांग्रेस के झंडे लगे हुए हैं। यह घर उनके पिता ने बनाया था जहां पंजाब ही नहीं बल्कि देश के कई बड़े नेताओं का आना-जाना लगा रहता था।
प्रताप सिंह बाजवा का घर
इसी बात को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान मजाक उड़ाते थे। वह कई बार कह चुके हैं कि अगर प्रताव सिंह बाजवा कभी गलती से कुछ सीढ़िया ऊपर चढ़ गए तो वह खुद बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा का खुद का भाई बीजेपी में है और वह उनके घर में ही ऊपर वाले फ्लोर में रहते हैं। इस बात को लेकर भगवंत मान खिल्ली उड़ाते थे और कहते थे कि कांग्रेस नेता बाजवा भी बीजेपी में जा सकते हैं।
पंजाब की राजनीति में अब एक और सियासी खानदान में फूट पड़ गई है। बाजवा ब्रदर्स के बाद अब मान ब्रदर्स भी अलग-अलग पार्टी में हैं। ऐसे में अब प्रताप सिंह बाजवा ने भगवंत मान के पुराने बयानों पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भगवंत मान और ज्ञान सिंह की फोटो और सुनील जाखड़ और ज्ञान सिंह की फोटो पोस्ट कर कहा, 'सीएम भगवंत मान को अब पंजाबियों को यह बताना चाहिए कि उनकी अपनी चाची और मौसी के बेटे ने BJP में शामिल होने के लिए कौन सी सीढ़ियों का इस्तेमाल किया।'
इसके बाद प्रताप सिंह बाजवा ने भगवंत मान पर वार करते हुए कहा कि सालों से भगवंत मान ने राजनीतिक चर्चा को अपने विरोधियों और उनके परिवारों पर निजी हमले करने तक सीमित कर दिया है। बाजवा ने कहा कि राजनीतिक शिष्टाचार की मांग है कि परिवारों के फैसलों को राजनीति में कभी भी हथियार नहीं बनाना चाहिए लेकिन अफसोस है कि उन्होंने खुद लगातार इसी रास्ते को चुना। कभी प्रताव सिंह बाजवा का मजाक उड़ाने वाले भगवंत मान आज खुद उसी मजाक का सामना कर रहे हैं। लोग उनके बयानों को लेकर लगातार उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी लगातार पंजाब में विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है। बीजेपी ने पंजाब में पूरा जोर लगा दिया है और इसी कड़ी में सीएम मान के भाई अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं। सुनील जाखड़ ने कहा कि ज्ञान सिंह ना सिर्फ भगवंत मान के भाई हैं बल्कि उनके करीबी भी हैं और आज वह बीजेपी में शामिल हो गए हैं। चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। गौरतलब है कि अब पंजाब विधानसभा चुनावों में 8 से 9 महीने का समय ही रह गया है।